शाहजहांपुर। भाजपा ने जिले की तीन शेष सीटों पर अपने प्रत्याशी तय कर दिए हैं। ददरौल से वर्तमान विधायक मानवेंद्र सिंह को दोबारा प्रत्याशी बनाया है। जलालाबाद से भाजपा जिलाध्यक्ष हरिप्रकाश वर्मा चुनाव लड़ेंगे। वहीं दो दिन पहले सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुईं सलोना कुशवाहा को तिलहर सीट से प्रत्याशी बनाया है। जिले की तीन सीटों पर भाजपा पहले ही प्रत्याशी घोषित कर चुकी है।
सपा ने जिले में सभी छह सीटों पर एक साथ प्रत्याशी तय कर दिए थे। ददरौल से राजेश वर्मा, कटरा से राजेश यादव, नगर से जिलाध्यक्ष तनवीर खां, पुवायां से उपेंद्रपाल, तिलहर से रोशनलाल वर्मा, जलालाबाद से नीरज मौर्य को सपा ने प्रत्याशी बनाया है। भारतीय जनता पार्टी ने तीन सीटों पर तो प्रत्याशी घोषित कर दिए थे, लेकिन शेष सीटों पर प्रत्याशी के नाम पर मुहर नहीं लगाई थी। पुवायां से चेतराम, नगर सीट से कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना और कटरा सीट से वीर विक्रम सिंह प्रिंस को प्रत्याशी बनाया गया था। सभी वर्तमान विधायक हैं। शुक्रवार शाम को पार्टी की ओर से जारी सूची में ददरौल सीट पर विधायक मानवेंद्र सिंह पर दोबारा भरोसा जताया गया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष हरिप्रकाश वर्मा को जलालाबाद से प्रत्याशी घोषित किया है। सलोना राम कुशवाहा तिलहर सीट से तकरीबन एक साल से समाजवादी पार्टी के टिकट के लिए प्रयासरत थीं। क्षेत्र में सक्रिय रहीं सलोना कुशवाहा की बजाय सपा ने भाजपा छोड़कर आए विधायक रोशनलाल वर्मा को तिलहर से प्रत्याशी बना दिया था। इससे नाराज सलोना कुशवाह ने पार्टी छोड़कर 19 जनवरी को जिला कार्यालय में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। शुक्रवार को पार्टी की ओर से जारी प्रत्याशियों की सूची में सलोना को तिलहर से प्रत्याशी बनाया गया है। कांग्रेस ने छह सीटों पर प्रत्याशी तय कर दिए हैं, जबकि बसपा ने अभी आधिकारिक तौर पर प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की है।
सपा के बाद भाजपा ने भी
जताया ओबीसी पर भरोसा
जिले की छह विधानसभा सीटों में समाजवादी पार्टी ने चार सीटों पर ओबीसी प्रत्याशियों पर दांव लगाया था। भाजपा ने भी दो सीटों पर मुकाबले के लिए ओबीसी प्रत्याशियों का चयन किया है। तिलहर में सपा से लोधी बिरादरी से आने वाले रोशनलाल वर्मा के सामने सलोना राम कुशवाहा को भाजपा ने उतारा है। वहीं सपा के नीरज मौर्य के सामने भाजपा ने जिलाध्यक्ष हरिप्रकाश वर्मा पर दांव चला है। भाजपा ने कटरा और ददरौल सीट पर क्षत्रिय बिरादरी के प्रत्याशी उतारे हैं। दोनों ही सीटों पर क्षत्रिय बिरादरी के वोट निर्णायक भूमिका निभाते हैं।
स्वामी प्रसाद मौर्या के सपा में आने से बदले जिले के समीकरण
पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या के अचानक भाजपा से सपा में शामिल होने से जिले के राजनीतिक समीकरणों पर बड़ा असर पड़ा। स्वामी प्रसाद मौर्या के साथ तिलहर से भाजपा विधायक रोशनलाल वर्मा और पूर्व विधायक नीरज मौर्या भी सपा में शामिल हो गए थे। नीरज मौर्या को सपा ने जलालाबाद जबकि रोशनलाल को तिलहर से प्रत्याशी बनाया। वहीं ददरौल से राजेश वर्मा और कटरा से राजेश यादव के सपा प्रत्याशी होने के कारण भाजपा को भी ओबीसी प्रत्याशी की ओर जाना पड़ा। रोशनलाल वर्मा के सपा में जाने के बाद लोध बिरादरी का कोई बड़ा चेहरा भाजपा के पास नहीं था। यही वजह रही कि भाजपा ने हरिप्रकाश वर्मा को जलालाबाद से प्रत्याशी बना दिया।
चार पार्टियों के जिलाध्यक्ष भी मैदान में
भाजपा ने अपने जिलाध्यक्ष हरिप्रकाश वर्मा को जलालाबाद से मैदान में उतारा है। वहीं समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष तनवीर खां नगर विधानसभा से चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता मुन्ना तिलहर सीट से प्रत्याशी हैं। वहीं आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष राजीव यादव भी नगर विधानसभा सीट से प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। चारों जिलाध्यक्ष चुनाव लड़ने के साथ ही संगठन की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।
भाजपा ने एक जबकि कांग्रेस की तीन महिला प्रत्याशी
तिलहर से भाजपा प्रत्याशी सलोना राम कुशवाहा पार्टी की इकलौती महिला चेहरा हैं। सलोना पहले सपा से टिकट मांग रही थीं। टिकट कटने से नाराज होकर उन्होंने भाजपा का दामन थामा था। समाजवादी पार्टी ने किसी महिला को टिकट नहीं दिया है। वहीं कांग्रेस ने पुवायां से अनुज कुमारी, नगर से पूनम पांडेय और जलालाबाद सीट से गुरमीत कौर को मैदान में उतारा है।
ददरौल विधान सभा से भाजपा प्रत्याशी मानवेंद्र सिंह ।- फोटो : SHAHJAHANPUR
तिलहर विधान सभा से भाजपा प्रत्याशी सलोना कुशवाहा ।- फोटो : SHAHJAHANPUR