बरेली। एलायंस एयर कंपनी ने बरेली-दिल्ली हवाई यात्रा 999 रुपये में कराने के लिए मानसून बोनांजा ऑफर शुरू किया है। बुकिंग 19 जून से 21 जून तक होगी। यात्रा की अवधि एक अगस्त से 31 अक्तूृबर के बीच होने पर ही ऑफर का लाभ मिलेगा। यह जानकारी एयरपोर्ट के अधिकारियों ने दी है।
बरेली एयरपोर्ट से आठ मार्च को एलायंस एयर ने हवाई सेवा शुरू की थी। इसी के साथबरेली एयरपोर्ट से आरसीएस (रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम) यानी क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत भी उड़ानें शुरू कीं। शुरुआत में बरेली-दिल्ली का किराया 1935 रुपये था। हालांकि, कंपनियां खास मौकों पर किराए में छूट का ऑफर भी देती हैं। इसी के तहत अब एलायंस एयर कंपनी ने मानसून बोनांजा ऑफर घोषित किया है। इसके तहत दिल्ली-बरेली-दिल्ली मार्ग पर 999 रुपये में यात्रा की जा सकेगी। कंपनी ने शनिवार 19 जून से 21 जून तक यानी तीन दिन ऑफर के तहत बुकिंग की सुविधा दी है।
ऑफर के तहत बुकिंग कराने वाले लोग एक अगस्त से 31 अक्तूूबर के बीच यात्रा कर सकेंगे। साथ ही, एक बार यात्रा की तिथि में निशुल्क बदलाव भी करा सकेंगे। बदलाव यात्रा की तारीख से सात दिन पहले ही किया जा सकेगा। एयरपोर्ट के संयुक्त निदेशक राजीव कुलश्रेष्ठ ने बताया कि एलायंस कंपनी विभिन्न मार्गों पर सेवाएं संचालित करना चाहती है। यात्रियों को आकर्षित करने के लिए कंपनी ने मानसून ऑफर के नाम से कम किराए में बरेली-दिल्ली आदि हवाई मार्गों पर यात्रा की सुविधा दी है।