बरेली। लखनऊ में 13 से 18 मार्च तक होने वाली प्रदेश स्तरीय समन्वय सब-जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता के लिए शनिवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंडल स्तरीय ट्रायल आयोजित किए गए। इसमें मंडल के सभी जिलों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
टीम में अपनी जगह बनाने के लिए सभी ने मजबूत दावेदारी पेश की। ट्रायल के आधार पर बरेली के अनमोल कश्यप, आयुष कुमार, वैभव कुमार, जहरान हुसैन और बदायूं के सौरभ, शिवम, ब्रजराज, कामेश को टीम में चुना गया। पीलीभीत से पुनीत, सोमित सिंह, निशांत, यशपाल और शाहजहांपुर से अभय मौर्य, कुलदीप, जितिन, आयुष का चयन हुआ है।
आरक्षित खिलाड़ी के तौर पर बदायूं के आयुष, शाहजहांपुर के सनी और बरेली के प्रियांशु को टीम में शामिल किया गया। ट्रायल का आयोजन बदायूं कोच आबिद अली, शाहजहांपुर कोच मुजाहिद अली, खेलो इंडिया सेंटर बरेली की हॉकी कोच शिल्पा सिंह व कोच पीलीभीत प्रगति सिंह के मार्गदर्शन में हुआ।