दो दिवसीय एथलेटिक प्रतियोगिता का हुआ समापन, मानस स्थली के खिलाड़ियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
बरेली। इंडिपेंडेंट स्कूल्स एसोसिएशन की ओर से दिल्ली पब्लिक स्कूल में चल रही दो दिनी एथलेटिक मीट का समापन मंगलवार को हो गया। प्रतियोगिता में 600 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेताओं को सम्मानित किया गया।
दो दिनी प्रतियोगिताओं में बालक वर्ग में ओवर ऑल चैंपियन मानस स्थली आवासीय विद्यालय बना। दूसरे स्थान पर जिंगल बेल्स पब्लिक स्कूल और तीसरे स्थान पर चाइल्ड केयर बिशप स्कूल रहा। बालिका वर्ग में बिशप कॉनराड सीनियर सेकेंडरी स्कूल कैंट प्रथम, सेक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल नैनीताल रोड द्वितीय, सेंट मारिया गोरेट्टी इंटर कॉलेज की खिलाड़ी तृतीय स्थान पर रहीं। इसके अलावा अन्य प्रतिस्पर्धाओं 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 4x100 मीटर रिले, लंबी कूद, ऊंची कूद और गोला फेंक का आयोजन हुआ।
समापन में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल और विशिष्ट अतिथि मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा रहे। आरटीओ प्रणव झा ने कहा कि यह आयोजन स्कूलों के छात्रों के बीच खेलकूद को बढ़ावा देने के आपके दृढ़ निश्चयी प्रयासों का हिस्सा रहा। इंडिपेंडेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष निर्भय बेनीवाल ने छात्रों से कहा कि सभी प्रतिभागी अपने स्कूलों के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हैं। प्रतियोगिता में डीपीएस के प्रो. वाइस चेयरमेन मुख्तारुल अमीन, निदेशक जफरूल अमीन, प्रधानाचार्य वीके मिश्रा आदि उपस्थित रहे।
=मानसस्थली के खिलाड़ियों का रहा जलवा
डीपीएस में आयोजित इंडिपेंडेंट स्कूल एसोसिएशन एथलेटिक मीट में मानस स्थली आवासीय विद्यालय ने बालक वर्ग में ओवरऑल चैंपियन बनने के साथ ही कई व्यक्तिगत प्रतियोगिताओं में जीत हासिल की। टॉप अंडर-19 वर्ग में राज प्रताप ने 100 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि देव कुमार मौर्य ने 800 मीटर रेस में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। 4×100 मीटर रिले रेस में विद्यालय की टीम देव कुमार मौर्य, सिद्धांत राज प्रताप, केशव चतुर्वेदी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा 400 मीटर रेस में केशव चतुर्वेदी ने भी प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का परचम लहराया। संवाद