बरेली। भुता इलाके के गांव इस्माइलपुर निवासी 26 वर्षीय अंकुश पटेल की रविवार रात कार हादसे में मौत हो गई। उनकी कार अनियंत्रित होकर एक दुकान में घुस गई थी।
सोमवार दोपहर अंकुश के फूफा हरीश कुमार ने पोस्टमाॅर्टम हाउस पर बताया कि रविवार रात अंकुश रिश्तेदारी में खाईखेड़ा गए थे। वहां से कार से अपने घर लौट रहे थे। बताया कि थाना इज्जतनगर क्षेत्र के नत्थू रम्पुरा गांव के पास अंकुश की कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बनी एक दुकान में जा घुसी। हादसे में अंकुश पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। इज्जतनगर पुलिस ने कार में फंसे शव को बाहर निकलवाया और पहचान के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की जेब से मिले मोबाइल के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई। बताया कि अंकुश खेती करते थे। उनके परिवार में पत्नी ममता और तीन छोटे बच्चे हैं।