बरेली के शीशगढ़ में रामलीला मैदान के पास मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एक युवक की मौत हो गई। वह अचानक जमीन पर गिरा, फिर नहीं उठ सका। यह देख दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। मृतक की पहचान वीरपाल (उम्र 28 वर्ष) पुत्र डूंगर निवासी रहपुरा जागीर, थाना फतेहगंज पश्चिमी के रूप में हुई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक एक माह से शीशगढ़ क्षेत्र में ही घूमकर मांगता खाता था। वह रात में रामलीला मैदान के स्टेज पर सो जाता था। युवक हर समय नशे की हालत में देखा गया। सोमवार को दोपहर के वक्त भी वह रामलीला मैदान में देखा गया था।
दुकानदार ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 10 बजे वह अपनी दुकान पर बैठा था। उसी उक्त युवक ने ई-रिक्शा रुकवाया और आनंदपुर जाने के लिए कहने लगा। युवक को नशे की हालत में देख ई-रिक्शा चालक ने उससे पहले ही रुपये मांगे तो उसने रुपये देने से मना कर दिया। इसके बाद चालक ई-रिक्शा लेकर वहां से चला गया। इसके बाद युवक अचानक सड़क पर गिर गया। उसके मुंह से पानी निकलने लगा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
पत्नी ने छोड़ा तो बिगड़ी गई थी मानसिक स्थिति
पुलिस के मुताबिक एक रिश्तेदार ने मृतक युवक की शिनाख्त की। रिश्तेदार रामबेटी ने बताया कि वीरपाल गांव-गांव घूम कर मांगता खाता था। उसकी शादी चार वर्ष पूर्व हुई थी। दो वर्ष पूर्व उसकी पत्नी ने उसे छोड़ दिया, जिसके बाद उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ गई। शराब पीने का आदी बन गया। उन्होंने यह भी बताया कि वीरपाल के बड़े भाई की एक वर्ष पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। अब उसके घर में मां-बाप रह गए हैं। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।