संग्रामपुर गांव का था निवासी, दूसरा आरोपी गैंगस्टर एक्ट में पहले से जेल में बंद
मीरगंज। संग्रामपुर के युवक की नदी में डुबोकर हत्या करने के आरोप में फरार चल रहे नामजद आरोपी आसेराम को शाही पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम संग्रामपुर निवासी ओमपाल ने 19 अक्तूबर को थाना शाही में तहरीर देकर अपने भाई की नदी में डुबोकर हत्या किए जाने की आशंका जताई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने गांव के ही पप्पू और आसेराम के खिलाफ दर्ज मामले को गैर इरादतन हत्या में तरमीम कर दिया। सीओ मीरगंज के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। बृहस्पतिवार को पुलिस ने 35 वर्षीय आसेराम को सिहोर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, दूसरा नामजद आरोपी पप्पू चार अक्तूबर से गैंगस्टर एक्ट के मामले में जिला जेल में निरुद्ध है।
पुलिस के अनुसार, तीन अक्तूबर को दोनों आरोपी मृतक मिहीलाल (45) को घर से बुलाकर लाए थे। उसके बाद दोनों आरोपी शाम को घर पर पहुंचे, लेकिन मिहीलाल घर नहीं पहुंचे। भाई ओमपाल ने पूछा तो आरोपियों ने कुछ बताने से मना कर दिया। पांच अक्तूबर को मिहीलाल का शव भाखड़ा नदी में गूला पुल के पास मिला। ओमपाल ने अपने भाई की हत्या का शक जाहिर करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
सीओ अजय कुमार ने बताया कि विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में बदलाव किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है, जहां से उसे जेल भेजा गया है। संवाद