बरेली। जिले के सभी थानों के मालखाने डिजिटल होंगे। इससे दस्तावेजों के रखरखाव का झंझट खत्म हो जाएगा। हर माल पर एक बार कोड होगा, जिसे स्कैन करते ही उसका पूरा ब्योरा स्क्रीन पर होगा।
थानों के मालखाने से अक्सर माल गायब होने व प्रभारी के खिलाफ मुकदमे दर्ज होने के मामले सामने आते रहते हैं। कई बार तो संबंधित थाने से उनके ट्रांसफर के कई साल बाद ऐसा होता है। यही वजह है कि थानों के मुंशी मालखाने का प्रभार लेने से घबराते हैं। कई बार मालखाने लंबे समय तक प्रभारी विहीन रहते हैं। इससे मुकदमों की विवेचना प्रभावित होती है।
इस लिहाज से शासन और पुलिस विभाग ने मालखानों का डिजिटलाइजेशन कराने का निर्णय लिया है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी के निर्देशन में बरेली में भी काम शुरू हो गया है। शहर क्षेत्र के थानों के मालखाने पहले चरण में डिजिटल किए जा रहे हैं।
बार कोड में होगी पूरी जानकारी
एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि माल पर चस्पा बार कोड में उसकी पूरी जानकारी (अपराध संख्या, प्रकृति, वजन आदि) होगी। बार कोड स्कैन करते ही यह ब्योरा सामने आ जाएगा। माल का निस्तारण होते ही कंप्यूटर में उसे भी दर्ज कर दिया जाएगा। इस तरह कागजी बोझ कम होगा। प्रभार बदलने के दौरान भी समस्या नहीं होगी।