बरेली। सिलक्यारा सुरंग में फंसे मजदूरों को निकालने के लिए सरकार की ओर से और ठोस प्रयास करना चाहिए। एक ओर हम चांद पर पहुंच चुके हैं, दूसरी ओर टनल में फंसे मजदूरों को नहीं निकाल पा रहे हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में अयोध्या स्थित हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास ने ये बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि हिंदू जातियों में विभाजित न हों। सनातनी एकजुट होकर आगे बढ़ें। लैंड, लव और व्यापार जिहाद के माध्यम से हिंदुओं को दबाया जा रहा है। किसी भी दल में काम करें, लेकिन सनातन के मुद्दे पर एकजुट रहें। अलग-अलग तिथियों पर त्योहार मनाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस पर चिंतन किया जा रहा है।
ओवैसी पर बोला हमला
महंत ने कहा कि पढ़े-लिखे होने के बावजूद असदुद्दीन ओवैसी दुर्भाग्यपूर्ण बयान देते हैं। सांसद होने के बावजूद उनके अंदर इतनी कट्टरता भरी हुई है। उनको अपनी मानसिकता ठीक करने की जरूरत है। उनके पूर्वज भी पहले कभी सनातनी थे, तलवार के डर से धर्म बदल लिया। घर वापसी कर लें तो अच्छा रहेगा।
प्रयागराज मामले पर ट्वीट नहीं कर रहा विपक्ष
प्रयागराज में हरिकेश विश्वकर्मा पर हमले को लेकर महंत ने कहा कि दुर्भाग्य की बात है कि अब तक इस मामले पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा, सपा प्रमुख अखिलेश यादव का ट्वीट नहीं आया है। सपा प्रवक्ता की ओर से उलटे सवाल उठाए जा रहे हैं। दूसरे धर्म की पुस्तक में एक कौम, मजहब और संप्रदाय की बात होती है। मदरसों की शिक्षा पद्धति बदले पर जोर देते हुए कहा कि वहां इतिहास, भूगोल, गणित और समाजशास्त्र पढ़ाया जाना चाहिए। इससे उनकी मानसिकता बदलेगी। बच्चे को शुरुआत से कट्टरता की शिक्षा दी जाती है। ऐसे में उनका कट्टर होना स्वभाविक है। कहा कि हिंदू विशाल हृदय वाला है, दूसरे धर्म पर टिप्पणी करने की हिम्मत किसी में नहीं है।