भोजीपुरा। गिरफ्तार हुआ आरोपी अभय प्रताप सिंह।
भोजीपुरा। स्टाफ नर्स पर जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी को पुलिस ने धौराटांडा रोड स्थित मिलक इमामनगर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से नर्स का लूटा गया मोबाइल फोन व घटना में प्रयुक्त कार, खून से सने कपड़े व आरोपी का मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है, जबकि दूसरा आरोपी अभी भी फरार है।
पुलिस के अनुसार बदायूं जनपद के थाना कादरचौक के गांव भोजपुर निवासी अभय प्रताप सिंह का बदायूं की रहने वाली बरेली के मेडिकल काॅलेज में तैनात स्टाफ नर्स से संपर्क था। वह शादी का झांसा देकर नर्स के साथ छह साल से रह रहा था। नर्स को जब पता चला कि अभय शादीशुदा है तो उसने शादी करने की जिद की। अभय ने इन्कार कर दिया तो दोनों के बीच तकरार हो गई। चार नवंबर की शाम अभय प्रताप सिंह अपने दोस्त मोनू निवासी मोहल्ला गांधी नगर थाना कोतवाली जनपद बदायूं को लेकर भोजीपुरा स्थित मेडिकल काॅलेज आया। नर्स को कार में बिठाकर ले गया। बिलवा के बड़े बाईपास पर अभय ने कांच की बोतल से नर्स पर हमला कर दिया था।
चार नवंबर की रात दस बजे एसआई संदेश यादव को नर्स घायल हालत में मिली। पुलिस ने नर्स को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया था। भोजीपुरा पुलिस ने पीड़िता की बहन की तहरीर पर उक्त दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। संवाद