एडीएम सिटी आलोक कुमार ने बताया कि अभियान के लिए कंट्रोल रूम की व्यवस्था या नंबर जारी नहीं किया गया है। महंगाई नियंत्रण को तीन टीमें गठित की गई हैं। वे पूरे शहर में तय दिवसों पर निरीक्षण पर निकलेंगी और रिपोर्ट देंगी। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि संगठन के सदस्य भी प्रशासन का सहयोग करेंगे ताकि महंगाई नियंत्रण की प्रशासनिक पहल का आम जन को लाभ मिलना सुनिश्चित हो सके।
बता दें कि सोमवार को एडीएम सिटी की अध्यक्षता में उद्यमियों, कारोबारियों और संबंधित विभागीय अफसरों की बैठक में हर तीन दिन पर सामानों के थोक भाव को सार्वजनिक करना तय हुआ था। साथ ही फल और सब्जी के दाम थोक की तुलना में खुदरा में अधिकतम 50 फीसदी अधिक कीमत पर एवं चावल, दाल और तेल थोक की तुलना में अधिकतम 15 फीसदी अधिक कीमत पर बेची जा सकती हैं।