पहले दिन चार पूलों की आठ टीमों के बीच हुआ मुकाबला
बरेली। 49वीं राष्ट्रीय महिला हैंडबाल चैंपियनशिप में बुधवार को पहले दिन चार पूल की आठ टीमों के बीच लीग मैच हुए। महाराष्ट्र, कर्नाटक, हरियाणा और दिल्ली की टीमों ने प्रतिद्वंद्वी टीमों को हराकर अपने अभियान का जीत से आगाज किया।
इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी के ग्राउंड पर पूल ए का पहला मैच अरुणाचल प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच हुआ जिसे महाराष्ट्र ने अरुणाचल प्रदेश को दो के मुकाबले 28 गोल करके जीता। पूल बी के दूसरे मैच में कर्नाटक ने लेह लद्दाख की टीम को 29-11 से हराया। पूल सी के हरियाणा और पुड्डूचेरी के बीच हुए तीसरे मैच में हरियाणा ने 25-14 के अंतर से पुड्डूचेरी को हराया। पूल डी की टीमों के बीच हुए चौथे मैच में दिल्ली ने मध्यप्रदेश को 30-13 के अंतर से शिकस्त दी।
इससे पहले जिला ओलंपिक संघ के तत्वाधान में आयोजित हैंडबाल चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह में देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंची टीमों ने आर्मी के बैंड और इन्वर्टिस के कैडेट्स के साथ मार्च पास्ट किया। मुख्य अतिथि आईजी राजेश पांडेय, विशिष्ट अतिथि विधायक डॉ. अरुण कुमार, मेयर उमेश गौतम, उत्तर रेलवे के सीपीआरओ पंकज सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय लिया।
समारोह में राष्ट्रीय ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष व हैंडबॉल फेडरेशन के कार्यकारी निदेशक डॉ. आनंदेश्वर पांडेय, यूपी हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष धर्मेंद्र गुप्ता, जिला ओलंपिक संघ के चेयरमैन डॉ. विनय खंडेलवाल, अध्यक्ष आशीष गुप्ता, कोषाध्यक्ष स्वतंत्र कुमार, डॉ. मनीष कुमार मौजूद रहे। मीडिया प्रभारी मारफ त रजा जैदी ने बताया कि बृहस्पतिवार को खंडेलवाल कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के ग्राउंड पर लीग मैच खेले जाएंगे।