उत्तर प्रदेश विधान परिषद से रामपुर-बरेली स्थानीय निकाय सीट से सभी नौ प्रत्याशियों के पर्चे मंगलवार को हुई जांच में वैध पाए गए। प्रेक्षक की मौजूदगी में रिटर्निंग आफिसर डीएम गौरव दयाल ने पर्चों की जांच की। हालांकि आईएमसी समर्थित माधवी साहू का पर्चा उम्र के फेर में खारिज होते-होते बच गया। माधवी ने नामांकन के दौरान पर्चे में अपनी उम्र 25 वर्ष भर दी थी, जबकि एमएलसी चुनाव लड़ने के लिए न्यूनतम उम्र 30 साल निर्धारित है। पर्चे की जांच में यह तथ्य पकड़े जाने पर माधवी ने तर्क रखा कि उनकी उम्र गलती से कम लिख गई। जबकि उनकी वास्तविक उम्र 38 साल है। इस पर आरओ ने उनको उम्र से संबंधित साक्ष्य प्रस्तुत करने का मौका दिया। आननफानन में उन्होंने अपना पेन कार्ड प्रस्तुत कर दिया। इस पर दर्ज जन्मतिथि के आधार पर उनकी उम्र 38 साल पाई गई। इसके बाद उनका पर्चा सही घोषित कर दिया गया।
मंगलवार को सुबह 11 बजे से कलेक्ट्रेट स्थित कक्ष संख्या तीन में डीएम गौरव दयाल ने सभी पर्चों की जांच शुरू की। इस दौरान भारत चुनाव आयोग के प्रेक्षक वाईई केरूरे भी मौजूद रहे। चुनाव के लिए डॉ. अनिल शर्मा, भाजपा प्रत्याशी पीपी सिंह गंगवार, सपा प्रत्याशी घनश्याम सिंह लोधी, इत्तहादे मिल्लत कौंसिल (आईएमसी) समर्थित माधवी साहू, निर्दलीय डॉ. प्र्रेमपाल सिंह यादव, रामपुर के मशकूर अली, शलभ पथिक, चंद्रभोज पाठक और कयूम शाह ने नामांकन कराए। जांच के दौरान डॉ. अनिल न खुद आए, न अपनी ओर से किसी को भेजा। घनश्याम लोधी की ओर से उनका प्रतिनिधि मौजूद रहा। बाकी सारे प्रत्याशी जांच के दौरान कलेक्ट्रेट पहुंचे। बृहस्पतिवार को नामवापसी है।