बरेली-वाराणसी एक्सप्रेस समेत तीन जोड़ी ट्रेनों को मिली एलएचबी रैक
रेलवे ने तीन जोड़ी ट्रेनों को लिंक हॉफमन बुश (एलएचबी) रैक उपलब्ध करा दी है। इनमें 14235-36 बरेली-वाराणसी एक्सप्रेस, 14229-30 प्रयागराज-योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस और 12337-38 वाराणसी-जम्मूतवी एक्सप्रेस शामिल हैं। इन गाड़ियों का संचालन अब तक इंटीग्रल कोच फैक्टरी (आईसीएफ) में बनी रैक के साथ हो रहा है। एलएचबी रैक के साथ संचालन शुरू होने के बाद गाड़ियों में यात्रा ज्यादा आरामदायक और सुरक्षित होगी। कोचों से पानी टपकने, एसी व सीटें खराब होने और तेज आवाज की शिकायतें नहीं रहेंगी।
बरेली-वाराणसी एक्सप्रेस का 30 व 31 दिसंबर को एलएचबी रैक के साथ संचालन शुरू कर दिया जाएगा। प्रयागराज-योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस का एक व दो जनवरी और वाराणसी-जम्मूतवी एक्सप्रेस का 15 व 16 जनवरी से एलएचबी रैक के साथ संचालन शुरू कर दिया जाएगा। बरेली-वाराणसी एक्सप्रेस के बरेली-गाजीपुर के बीच संचालन के लिए रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिल चुकी है। मुख्य वाणिज्य निरीक्षण इमरान ने बताया कि नई एलएचबी रैक से गाड़ी का संचालन शुरू होने के बाद इसे गाजीपुर तक चलाया जाएगा। बरेली-गाजीपुर के बीच संचालन की नई समय सारिणी अगले माह जारी कर दी जाएगी।