आंवला।
पुलिस ने शनिवार देर रात गोकशी के आरोपी लुक्का को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी है। उसका साथी नाजिम मौके से भाग गया। पकड़ा गया वांछित आरोपी बदायूं के बिनावर थाना क्षेत्र के निजामपुर पस्तौर का रहने वाला मेहरबान उर्फ लुक्का है। गोली लगने के बाद आरोपी को रात में ही सीएचसी लाया गया और वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मौके से तमंचा, कारतूस, पशु काटने के उपकरण और बिना नंबर की बाइक बरामद की है।
सीओ आंवला नितिन कुमार ने बताया कि पुलिस टीम शनिवार रात चेकिंग कर रही थी। तभी सूचना मिली कि पिछले दिनों हुई गोकशी के दो आरोपी बिना नंबर प्लेट की बाइक से वजीरगंज की ओर से आ रहे हैं। पुलिस टीम ने गांव मनौना की ओर जाने वाली सड़क की घेराबंदी कर ली। बाइक सवारों ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में आरोपी मेहरबान उर्फ लुक्का गोली लगने से घायल हो गया। उसका साथी नाजिम मौके से भाग गया। उसकी तलाश पुलिस कर रही है। संवाद
-
आरोपी के खिलाफ 14 मामले दर्ज
पुलिस के अनुसा, गिरफ्तार आरोपी पर 14 मामले दर्ज हैं। इससे पहले भी दो बार उस पर गैंगस्टर की कार्रवाई हो चुकी है। दो बार जेल जा चुका है। पिछले दिनों क्षेत्र में हुई गोकशी की घटना में लगी पुलिस टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में थी।
पूछताछ में अन्य आरोपियों के नाम भी खुले
कोतवाल कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि गोकशी के मामले में गिरफ्तार आरोपी लुक्का ने बदायूं जनपद के गांव निवासी सात आरोपियों के नामों का भी खुलासा किया है, जिनकी पुलिस लगातार तलाश कर रही है। जल्द ही अन्य आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। बता दें कि बृहस्पतिवार सुबह रेवती के जंगलों में पशुओं के अवशेष मिले थे। इस पर हिंदूवादी संगठनों के लोगों ने प्रदर्शन कर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। संवाद