आठ से दस बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम, पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
शाही। दस दिन में ही बदमाशों ने फिर गांव में घुसकर एक घर को निशाना बनाया है। गृह स्वामी को बंधक बनाकर घर से आभूषण, सामान आदि चोरी करके फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
शाही थाना क्षेत्र के सब्जीपुर खाता गांव में कुछ बदमाश लोगों के घरों को निशाना बना रहे हैं। बुधवार की रात गांव निवासी देवीदास पुत्र जयवीर सिंह के घर को बदमाशों ने निशाना बनाया। घर में घुसे कुछ बदमाशों ने तख्त पर सो रहे देवीदास को बंधक बनाकर लूटपाट की। देवीदास ने बताया कि वह घर परिवार सहित घर से बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। लूटपाट के दौरान करीब आठ से दस लोगों को निकलते हुए देखा है। बक्से में रखे पत्नी की पायल, मंगलसूत्र, गले की चेन के साथ कपड़े भी चोरी करके ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया।
करीब दस दिन पहले गांव में कई बदमाशों ने गांव में घुसकर तांडव मचाते हुए पांच घरों में चोरियां करते हुए लोगों के साथ मारपीट की थी।