विधायक के करीबी और उसके बेटों पर बलवा और लूट की रिपोर्ट
बिथरी चैनपुर। विधायक के करीबी और उसके बेटों के खिलाफ बीडीए का कार्य करा रही कंपनी के कर्मचारी ने लूट और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बीडीए से अधिकृत आरवीएम इंफ्राटेक कंपनी चंदपुर बिचपुरी से डोहरिया मोड़ तक सड़क का निर्माण कर रही है। कंपनी का ऑफिस बीडीए कॉलोनी में है। शुक्रवार रात कंपनी के कर्मचारी रवि पटेल, देवेंद्र यादव, मिंटू कुमार ऑफिस में काम कर रहे थे। आरोप है कि उसी दौरान विपिन पटेल अपने बेटों रजत, रवि और लकी सहित पांच-छह लोगों को लेकर आ गया। इन लोगों ने कंपनी के अकाउंटेंट रवि पटेल को जमकर पीटा और ऑफिस में रखे 2.71 लाख रुपये लूट लिए। प्रोजेक्ट मैनेजर विशाल बाबू ने बताया ये लोग पहले से ही कार्य करने में बाधा उत्पन्न करते रहे हैं और अक्सर कर्मचारियों के साथ गालीगलौज करते हैं। प्रोजेक्ट मैनेजर विशाल बाबू की तहरीर पर पुलिस ने सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। विपिन पटेल एक विधायक का करीबी बताया जाता है।