लखनऊ से बरेली के लिए ट्रेन में सवार हुईं अभियोजन अधिकारी का पर्स उचक्का छीनकर भाग गया। पर्स में 25 सौ रुपये, एटीएम कार्ड आदि जरूरी कागजात भी थे। अभियोजन अधिकारी की ओर से बरेली जीआरपी ने निल क्राइम नंबर पर रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना लखनऊ चारबाग जीआरपी को ट्रांसफर कर दी है।
बरेली की पुरानी पुलिस लाइंस के क्वार्टर नंबर 651 निवासी प्राची मिश्रा अभियोजन अधिकारी हैं। वह सोमवार सुबह सवा पांच बजे लखनऊ से बरेली आने के लिए इलाहाबाद हरिद्वार एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार हुईं। उनके साथ उनके पति सुभाष चंद्र पांडेय भी थे। ट्रेन जैसे ही लखनऊ चारबाग स्टेशन से चली तो पहले से ही ट्रेन में सवार उचक्का झपट्टा मारकर प्राची मिश्रा के हाथ में थमा पर्स छीनकर भाग गया। प्राची शोर मचाती ही रह गईं। दोपहर के समय बरेली पहुंचीं अभियोजन अधिकारी ने जीआरपी थाने में तहरीर दी। बरेली जीआरपी ने निल क्राइम नंबर पर रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना लखनऊ चारबाग जीआरपी को ट्रांसफर कर दी है। प्राची मिश्रा ने बताया कि पर्स में 25 सौ रुपये नगद, एटीएम, ड्राइविंग लाइसेंस, और कुछ जरूरी कागजात भी थे।