बदायूं की ओर से ही आए थे, उधर ही बाइक से भागे
बरेली। देवचरा में हुई लूट सटीक मुखबिरी का नतीजा मानी जा रही है। पुलिस को छानबीन में पता लगा कि बदमाशों ने बाइक बदायूं की ओर ही खड़ी की थी और उधर ही निकल गए। इस लिहाज से बदमाश बदायूं की ओर के ही माने जा रहे हैं। इसलिए पुलिस की एक टीम वहां के बदमाशों की धरपकड़ के लिए भेज दी गई है।
एसएसपी ने पीड़ित व्यापारी रोहित गुप्ता से लंबी पूछताछ की। बीटीएस टावर से हादसे के वक्त आसपास सक्रिय रहे मोबाइल नंबर सर्च कराने का निर्देश दिया। भमोरा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी देख रहे ट्रेनी आईपीएस भूपेश कुमार पांडेय ने रोहित गुप्ता से ऐसे लोगों के बारे में जानकारी जुटाई, जो उनके आने-जाने व उनके पास मौजूद माल के बारे में जानते हैं।
रोहित ने बताया कि करीब बीस साल से उनकी देवचरा में दुकान है और वह रोज ही रोडवेज बस से सफर करते हैं। आज तक कभी ऐसी घटना नहीं हुई। ग्राहकों के ऑर्डर से संबंधित जेवर भी उनके पास थे।
पुलिस के हाथ लगे अहम सुराग
बृहस्पतिवार को रजिस्ट्री दफ्तर पर आए प्रॉपर्टी डीलर राहुल भटनागर की कार से 25.80 लाख रुपये से भरा बैग उड़ा लिया गया था। कोतवाली पुलिस तभी से फुटेज व अन्य साक्ष्यों के सहारे आरोपी की तलाश कर रही थी। सूत्रों के मुताबिक बारादरी थाना क्षेत्र का आरोपी पुलिस की पकड़ में आ गया है। पुलिस उसके साथी की तलाश कर रही है। एक-दो दिन में घटना का खुलासा हो सकता है। अमर उजाला ब्यूरो