बरेली। बड़ा बाजार के सराफा मार्केट में अपना सोना-चांदी गलवाने ला रहे भोजीपुरा के एक सराफ से कुदेशिया पुल पर बुलेट सवार बदमाशों ने लाखों रुपये जेवर और नकदी लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश किला की तरफ भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर सराफ को भी पुलिस लाइन लेजाकर उससे पूछताछ की। सराफ ने पुलिस को लूट की तहरीर सौंपी है।
भोजीपुरा के गांव जाधवपुर निवासी मोहम्मद उसमान की गांव में सराफा की दुकान हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम करीब सात बजे वह स्पलेंडर बाइक से कोतवाली क्षेत्र के बड़ा बाजार स्थित एक सराफ की दुकान पर अपना माल गलवाने ला रहे थे। उनके मुताबिक बैग में करीब 70 ग्राम सोना, सवा किलो चांदी और 45 हजार रुपये की नकदी थी। रास्ते में प्रेमनगर क्षेत्र में कुदेशिया पुल पर बाइक साइड में रोककर अपने बड़े भाई को फोन करने लगे। आरोप है कि इस बीच पीछे से काले रंग की बिना नंबर वाली बुलेट बाइक पर हेलमेट लगाए दो बदमाश आए और उनका सामान से भरा बैग लूट लिया। फिर किला की तरफ भाग निकले। लेकिन उन्होंने बदमाशों का पीछा नहीं किया। वहीं रुककर पुलिस को यूपी 112 पर शिकायत की। सूचना पर सीओ सिटी अशोक कुमार थाना पुलिस के साथ पहुंचे। वहां मौका मुआयना के बाद सराफ को पुलिस लाइन ले जाया गया और वहां भी पूछताछ की गई। वहीं पुलिस ने उनसे तहरीर भी लिखवा ली। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कोचिंग संचालक ने लुटा हुआ माल अपना बताया
सराफ के साथ लूट होने की सूचना पाकर राजेंद्र नगर में कोचिंग चलाने वाले कलीम उद्दीन भी प्रेमनगर थाने पहुंच गए। उन्होंने सराफ से लुटे लाखों के जेवर उनके होने की बात कही। उनके मुताबिक जेवर सराफ से ही बनवाए थे। शुक्रवार को वह घर में शादी होने की बात कहकर जेवर पत्नी को पहनाने के लिए ले गया था। मंगलवार को सराफ उनके जेवर लौटाने ला रहा था, इसकी जानकारी उसने नहीं दी। लेकिन लूट होने के बाद बड़े भाई गुड्डू को फोन कर घटना की जानकारी दी। दोनों कहानियां सुनकर पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। पुलिस के मुताबिक सराफ माल हड़पने के लिए भी ऐसा कर सकता है।