आसफपुर। थाना फैजगंज बेहटा में दो बाइक पर सवार पांच नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े शराब सेल्समैन से 1.42 लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर सेल्समैन को पीटकर घायल कर दिया। दिनदहाड़े वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश भी की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। सीओ संजय कुमार रेड्डी ने भी मौके पर पहुंच कर जायजा लिया।
फैजगंज बेहटा के आसफपुर में अंग्रेजी शराब की सरकारी दुकान है। इस पर रमन सिंह सेल्समैन है। रमन सिंह सुबह को रोजाना शराब बिक्री के रुपये शराब कारोबारी को पहुंचाने बिसौली जाता था। बृहस्पतिवार को भी वह एक लाख 42 हजार रुपये लेकर आसफपुर से बिसौली जाने के लिए बाइक से निकला था। बाइक रमन सिंह चला रहा था। उसके साथ उसका एक करीबी भी था। वह भी बिसौली जा रहा था। आसफपुर चौकी से निकलने के बाद करीब एक किलोमीटर की दूरी पर नरोरी-नरोरा लिंक मार्ग के पास पीछे से आए दो बाइक पर सवार पांच नकाबपोश बदमाशों ने ओवरटेक कर रमन सिंह की बाइक को रोक लिया। बदमाशों के हाथों में तमंचे थे। तमंचा तानकर बदमाशों ने रमन सिंह से लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर रमन सिंह और उसके साथी को तमंचे की बटों से प्रहार की घायल कर दिया। दो बदमाश एक लाख 42 हजार रुपये लूटने के बाद पहले भाग गए। यहां बचे तीन बदमाश रमन और उसके साथी से मारपीट करते रहे। बाद में यह भी काले रंग की पल्सर बाइक से आसफपुर की ओर भाग गए। बदमाशों के भागने के बाद रमन सिंह ने सूचना आसफपुर पुलिस चौकी को दी। इंस्पेक्टर चेतराम वर्मा और सीओ संजय कुमार रेड्डी भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस न बदमाशों की तलाश में काफी देर तक कांबिंग की, लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली। रमन सिंह की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। देर शाम तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी।
मामले में पड़ताल की जा रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। बदमाशों की गिरफ्तारी को टीमें लगाई गई हैं। लूट का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।
-चेतराम वर्मा, प्रभारी निरीक्षक फैजगंज बेहटा
पहले से ट्रेस थी सेल्समैन की टाइमिंग, वारदात को चुना सुनसान इलाका
बदायूं/आसफपुर। दो बाइक पर सवार पांच नकाबपोश बदमाशों ने जिस तरह से आसफपुर पुलिस चौकी से सिर्फ एक किमी की दूरी पर लूट की वारदात को अंजाम दिया, वह दुस्साहस भी कहा जाएगा। सेल्समैन का कहना है कि लूटपाट के बाद बाइक सवार तीन बदमाश आसफपुर की ओर ही भागे थे।
बदमाशों ने जिस तरह से रमन सिंह को नरोरा-नरोरी लिंक मार्ग के पास ओवरटेक करके रोका। उससे इस ओर भी शक जाता है कि बदमाशों को पता था कि रमन किस वक्त आसफपुर से बिसौली के लिए निकलेगा। यह भी पता था कि उसके पास लाखों की नकदी होगी। हालांकि, बृहस्पतिवार को नकदी कम थी। अन्य दिनों में इससे ज्यादा नकदी हुआ करती है। इस रोड पर आसफपुर पुलिस चौकी के साथ पुलिस पिकेट की भी तैनाती रहती है। इतना ही नहीं वार्डर का इलाका होने के चलते बिसौली और फैजगंज थानों की यूपी 112 भी घूमती रहती है। इसके बावजूद बदमाश दिन में 11 बजे लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने में कामयाब हो गए। पुलिस रमन सिंह के दोस्त से भी पूछताछ कर रही है।