बंद समिति पर खड़े किसान उपजिलाधिकारी मीरगंज आलोक कुमार निरीक्षण करते हुए
सचिव के नदारद रहने पर किसानों ने जताया रोष, एसडीएम ने कार्रवाई के दिए निर्देश
मीरगंज। रबी फसल की बोआई के इस अहम दौर में शुक्रवार को मीरगंज सहकारी समिति में ताले लगे मिले। ऐसे में यहां पहुंचे किसानों ने घंटों इंतजार के बाद हंगामा कर दिया। इस बीच शिकायत मिलने पर एसडीएम अधीनस्थों के साथ मौके पर पहुंचे। सचिव के नदारद रहने पर नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण मांगने और विभागीय कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
किसानों ने बताया कि रबी फसल की बोआई का समय आ गया है। वे यहां डीएपी और यूरिया लेने के लिए पहुंचे, लेकिन केंद्र पर सचिव नदारद रहे। इस बीच किसान खाद के लिए भटकते रहे। कई घंटों के इंतजार के बाद जब सचिव नहीं पहुंचे तो किसानों का धैर्य जवाब दे गया। किसानों ने एसडीएम आलोक कुमार से इसकी शिकायत कर दी। शिकायत मिलते ही एसडीएम ने तत्परता दिखाते हुए शाम चार बजे खुद समिति का निरीक्षण किया। इस दौरान समिति बंद मिली और सचिव अनुपस्थित पाए गए।
एसडीएम ने नाराजगी जताई और कहा कि वर्तमान में रबी फसल की बोआई तेजी पर है, लेकिन किसानों को समय से खाद मिलना बेहद जरूरी है। समिति के बंद रहने और सचिव के अनुपस्थित होने की शिकायतें पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से लापरवाही बढ़ती जा रही है। किसानों ने प्रशासन से ऐसी समितियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि खाद वितरण में कोई बाधा न हो।
लोगों की शिकायत पर समिति की जांच की गई, जो बंद पाई गई। सचिव के खिलाफ कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा गया है।
-आलोक कुमार, एसडीएम, मीरगंज