फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहर में लॉकडाउन फेल, एसएसपी सड़क पर उतरे तो मची अफरातफरी

विज्ञापन
शहर में मार्च पास्ट करती पुलिस। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
विज्ञापन

श्यामगंज में दुकानों पर भीड़ लगी, एसीएम ने सख्ती की तो हाथ जोड़ते दिखे व्यापारी

बरेली। जिले के कोरोना फ्री होने की घोषणा और फिलहाल लॉकडाउन खुलने के आसार कम देख लोग अब बेखौफ होते जा रहे हैं। यही वजह है कि गुरुवार की सुबह शहर में सड़कों पर खासी भीड़ थी। दोपहर में श्यामगंज बाजार की दुकानों पर भीड़ थी। एसीएम ने जब सख्ती की तो व्यापारी हाथ जोड़ते दिखे। दोपहर बाद एसएसपी ने रूटमार्च के दौरान कुतुबखाना रोड पर घूमकर चालान कराए तो हड़कंप मच गया।

मेन रोड पर सन्नाटा, गलियों में बिक रहे चाट-पकौड़े

लॉकडाउन के दौरान भीड़ बढ़ने पर जब पुलिस ने सख्ती की तो गुरुवार की दोपहर शहर की प्रमुख सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। बावजूद इसके बारादरी क्षेत्र में संजय नगर, नवादा शेखान, जोगी नवादा, सैलानी की गलियों में भीड़ वैसे ही कायम थी। कुछ जगह चाट-पकौड़ी के ठेले लगे थे। कई जगह पानी के बताशे भी स्टूल रखकर बेचे जा रहे थे। ईंट पजाया चौराहे पर काफी भीड़ थी। हालांकि शाम को श्यामगंज बाजार में चाट-पकौड़ी के ठेले लगाने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की। उनके ठेले भी जब्त कर लिए।

सड़कों पर ही खेले जा रहे ताश और लूडो

पुराना शहर के लोग भी बिना मास्क लगाए चबूतरों पर जमात लगाए बैठे दिखे। एक पकौड़ी वाले ने बताया कि मेन सड़कों पर पुलिस होने के चलते आसपास के इलाकों के लोग गलियों से होते हुए यहां तक पहुंचते हैं। बिक्री पर भी कोई ज्यादा फर्क नहीं पड़ा है। पुलिस भी यदा कदा ही इधर आती है। संजय नगर में एक जगह लोग सड़क किनारे समूह में एकजुट थे। बताया कि वक्त काटने के लिए ताश और लूडो खेल रहे हैं। वहीं इन इलाकों में गंदगी के ढेर भी लगे हैं। नालियां भरी हुई चल रही हैं।

रैली गोदाम में लाइन के बाद भी भीड़

रैली गोदाम में अब व्यापारियों ने लाइन सिस्टम कर दिया है। बावजूद वहां भीड़ उमड़ने पर सब सिस्टम फेल हो जाता है। श्यामगंज में भी दोपहर में कई बार व्यवस्था बिगड़ी। तब एसीएम ने वहां जाकर सख्ती की। भीड़ पर लाठियां पड़ने और दुकानें बंद होने की नौबत आई तो व्यापारी माफी मांगने लगे। एसीएम के जाने के बाद फिर पुराने हालात हो गए।

एसएसपी ने रूटमार्च के दौरान कराए चालान

एसएसपी शैलेश पांडेय दोपहर बाद कोतवाली से कुतुबखाना होते हुए फोर्स लेकर पैदल सड़क पर निकले। एसएसपी के साथ कई अधिकारी और पुलिस रूट मार्च निकालती प्रेमनगर क्षेत्र में पहुंची। फोर्स को देख रास्ते में दुकानों के शटर धड़ाधड़ गिरने लगे। एसएसपी ने दो सवारी वाले वाहनों के चालान कराए। एक बाइक पर दूधिया के साथ बैठा साथी पीछे को मुंह करके बैठा था। एसएसपी को देखकर उसने बाइक तेजी से भगाई। एसएसपी ने फटकारा तो चार दरोगा बाइक से उसके पीछे लगे और आगे जाकर पकड़ लिया। बाद में उसका चालान कर दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें