महाराणा प्रताप की जयंती पर शनिवार को पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने महाराणा प्रताप स्वागत द्वार का लोकार्पण किया। रेलवे स्टेशन रोड पर यह द्वार नगर पालिका ने बनवाया है। मंत्री ने पालिका क्षेत्र में विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया।
मोहल्ला नगरिया में शाम को कार्यक्रम आयोजित हुआ। मंत्री ने रेलवे स्टेशन रोड पर 20 लाख रुपये की लागत से बने स्वागत द्वार का लोकार्पण किया। उन्होंने पालिका के छह करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और 11 करोड़ रुपये से होने वाले कार्यों का शिलान्यास किया गया। मंत्री ने कहा कि योगी सरकार बिना भेदभाव के काम करती है। उन्होंने मुख्यमंत्री को गो भक्त बताया। कहा कि साढ़े सात हजार गोशालाओं पर प्रतिदिन 8.5 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं।
मंत्री ने भाजपा सभासद सपना अग्रवाल की प्रशंसा की। उन्होंने पालिका क्षेत्र में आधुनिक पुस्तकालय व पार्क बनवाने के प्रस्ताव को उपवन योजना के तहत मंजूरी देने की बात कही। पालिका अध्यक्ष आबिद अली ने अपने तीन साल के कार्यकाल के विकास कार्यों को मंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य महाराज सिंह, जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी विदुषी सिंह सहित कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ठाकुर ऋषिपाल सिंह और संचालन अवनीश तिवारी एडवोकेट ने किया। इस दौरान एमएलसी महाराज सिंह, जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, डॉ. मान सिंह, वेदप्रकाश यादव आदि मौजूद रहे।
पीएम आवास योजना के पात्रों को सौंपी चाबी
कार्यक्रम के दौरान पशुधन मंत्री ने पीएम आवास योजना के लाभार्थियों - निर्मला देवी, जयपाल, अरमाना, चमेली, आबिदा बेगम, गुड़िया, रानी, अर्चना और सावित्री जागेश्वरी को मकान की सांकेतिक चाबी सौपीं। चेयरमैन आबिद अली ने बताया इस बार पालिका क्षेत्र में 750 लोगों को पीएम आवास योजना का लाभ मिला है। उनके बैंक खाते में पहली किस्त भी आ चुकी है।
छुट्टा पशुओं का उठा मुद्दा
कार्यक्रम अध्यक्ष अखा निवासी ठाकुर ऋषिपाल सिंह ने मंच पर मौजूद पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह के सामने क्षेत्र में छुट्टा गोवंशीय पशुओं का मुद्दा उठाते हुए कहा, आज सरकार और जनता इस समस्या से परेशान हैं। हमारे क्षेत्र के ही पशुधन मंत्री होने के बाद भी लोग इस समस्या से परेशान हैं।