बहेड़ी। थाना गांव हरसूनगला में शुक्रवार की सुबह नौ बजे बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान करंट लगने से कर्मचारी खंभे से गिर गया। ग्रामीण उनको अस्पताल लेकर गए। वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
शीशगढ़ थाना क्षेत्र के भैंसेया निवासी इरफान (24) हरसूनगला में बृहस्पतिवार की रात आई आंधी के चलते लाइन में फॉल्ट हो गया था। इसके बाद वह खंभे पर चढ़कर लाइन की मरम्मत कर रहे थे। इस दौरान उनको करंट लग गया, जिससे वह गिर गए। ग्रामीण उनको अस्पताल लेकर गए। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे। जवान बेटे की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। पिता आजाद नबी, पत्नी इशरत के अलावा उनकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने बताया कि इरफान मेहनती, मिलनसार व सरल स्वभाव के थे। उनकी शादी एक साल पहले हुई थी। वह लोगों के सुख-दुख में शामिल होता था। उनकी मौत से गांव में मातम पसरा है। बहेड़ी पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
.....................
वर्जन ...
इरफान प्राइवेट तौर पर काम करते थे। विद्युत निगम में काम नहीं करते थे। अब तक यही जानकारी है। मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- चमन प्रकाश, अधिशासी अधिकारी, विद्युत वितरण खंड, बहेड़ी।
000000000000000000
पिता ने साजिशन हत्या का लगाया आरोप, दी तहरीर
इरफान के पिता आजाद नबी ने संविदा लाइनमैन समेत दो बिजली कर्मचारियों पर साजिशन हत्या का आरोप लगाया है।
आजाद नबी ने बताया कि इरफान संविदा कर्मचारी लाखन के फोन पर लाइन ठीक करने गए थे। उसके साथ एक संविदा लाइनमैन और एक कर्मचारी भी मौजूद था। मुन्ने और रोहिताश ने कताई मिल फीडर से शटडाउन लिया था। इसके बाद इरफान को बिजली के खंभे पर चढ़ाया गया। इसकी जानकारी एसएसओ अजय को भी थी। करीब नौ बजे फीडर से अचानक बिजली की लाइन जोड़ दी गई। तेज विस्फोट के साथ करंट लगने से इरफान जमीन पर गिर गया।
घटना के बाद संविदा लाइनमैन मौके से भाग गया। ग्रामीणों ने आक्रोश में एक लाइनमैन को घेर लिया था। ग्रामीण सवाल उठ रहे हैं कि संविदा लाइनमैन ने प्राइवेट कर्मचारी को खंभे पर कैसे चढ़ाया? बिजली विभाग के सब स्टेशन ऑपरेटर अजय ने शटडाउन दिया था। बाद में उसने सप्लाई क्यों चालू कर दी? इरफान के पिता ने भी यही सवाल किए हैं। पोस्टमॉर्टम के बाद इरफान का शव देर शाम गांव पहुंचाया गया। उसको सुपुर्देखाक कर दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में करंट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। इस बाबत एसएसओ से संपर्क का प्रयास किया गया लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई।