बरेली। बिजली ने संडे का मजा खराब कर दिया। रविवार को सुबह से शाम तक सप्लाई में दिक्कत बनी रही। इस कारण पेयजल सप्लाई भी गड़बड़ाई रही।
सुबह से ही लाइन फाल्ट और फ्यूज उड़ने की शिकायतें शुरू हो गईं। बिहारीपुर, बमनपुरी, साहूकारा, सीआई पार्क, रामपुर बाग, किला, पुराना शहर, नईबस्ती, सुभाषनगर, माडल टाउन आदि इलाकों में सुबह से बिजली गुल हो गई। सप्लाई नहीं होने से घरों में भी पेयजल सप्लाई सिस्टम ठप हो गया। रविवार अवकाश होने से ज्यादातर लोग घरों में टीवी आदि पर मनोरंजन करते हैं, लेकिन बार-बार सप्लाई गुल होेने से लोगाें का मजा बेकार हो गया।
बिजली चोरी बढ़ी
पिछले कुछ दिनों से बिजली चोरी बढ़ गई है। इसके चलते सुबह होते ही विभिन्न इलाकों में सिस्टम ओवरलोड हो जाता है। विभागीय सूत्रों ने बताया कि बड़ी तादाद में लोग रात में बिजली चोरी करते हैं और सुबह कटिया हटा देते हैं। इसकी जानकारी संबंधित उपकेंद्र स्टाफ को रहती है, लेकिन वे कार्रवाई नहीं करते हैं। क्योंकि ज्यादातर मामलों में स्टाफ खुद चोरी कराने में शामिल रहता है। पिछले दिन बानखाना क्षेत्र में बिजली चोरी को लेकर ही विवाद हुआ था, लेकिन अभी तक विभाग ने संबंधित कनेक्शन और क्षेत्र चेक तक नहीं किया है।