लैब में उपभोक्ता के सामने हो मीटर की जांच
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
पॉवर कॉरपोरेशन के निदेशक ने समीक्षा बैठक में बिलिंग प्रतिशत कम होने पर जताई नाराजगी
सौभाग्य कनेक्शन के बिल लंबित न रखने का निर्देश दिया
बरेली। उप्र पॉवर कारपोरेशन के निदेशक विजय कुमार ने मीटरों की चेकिंग और लैब में उनके परीक्षण की प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के साथ बिलिंग व्यवस्था में भी सुधार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सौभाग्य कनेक्शनधारकों को हर महीने अनिवार्य रूप से बिल उपलब्ध कराए जाएं। शहरी क्षेत्रों में बिलिंग प्रतिशत गिरने पर नाराजगी जताते हुए राजस्व लक्ष्य पूरे करने को भी कहा।
बरेली के नोडल अधिकारी और पॉवर कॉरपोरेशन के निदेशक विजय कुमार ने रविवार को की समीक्षा में लाइन लॉस पहले से कम होने पर तो अफसरों की तारीफ की लेकिन चारों शहरी वितरण खंडों में बिलिंग सिस्टम खराब पाए जाने और बड़े कनेक्शनों की एमआरआई की जानकारी न देने पर उन्हें कसा भी। उन्होंने थ्रूरेट 6.53 रुपये प्रति यूनिट और लाइन लॉस को दस प्रतिशत पर लाने पर जोर दिया। विजय कुमार ने कहा कि सौभाग्य योजना के ज्यादातर कनेक्शनधारकों को बिल नहीं मिल रहा है, अफसर इसे गंभीरता से लें क्याेंकि लोग कई महीनों का बिल एक साथ पहुंचने पर उसे जमा नहीं कर पाएंगे। उन्होंने लैब में मीटर परीक्षण के सिस्टम पर भी सवाल उठाया और इसमें सुधार लाने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि मीटर परीक्षण में लोगों को परेशान करने की शिकायतें मिल रही हैं। लैब में हर हालत में उपभोक्ता के सामने ही मीटर खोला जाए और परीक्षण की प्रक्रिया सीसीटीवी की निगरानी में पूरी हो। अगर कोई उपभोक्ता निर्धारित तारीख नहीं पहुंचता है तो उसे फोन करके दोबारा तारीख दी जाए।
विजय कुमार विद्युत वितरण खंड प्रथम के कार्यालय परिसर में लैब भी देखने पहुंचे और स्टाफ को पारदर्शिता लाने के लिए टिप्स दिए। आदर्श उपकेंद्र सुभाषनगर पर उन्होंने प्राथमिकता से नए कनेक्शन देने और इसका एक अलग रजिस्टर बनाने को कहा। उन्होंने लोकल फाल्ट और सप्लाई ब्रेक होने की शिकायत दर्ज करने के लिए नियंत्रण कक्ष शुरू करने का भी सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि वैसे तो विभाग टोल फ्री नंबर 1912 चलाता है लेकिन स्थानीय स्तर पर भी यह व्यवस्था जरूरी है। इस दौरान उनके साथ चीफ इंजीनियर तारिक मतीन, एसई एनके मिश्रा, एक्सईएन मुकेश कुमार, कर्मसिंह आदि भी मौजूद रहे।