बरेली। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित ग्राम विकास अधिकारी भर्ती परीक्षा में सोमवार को 58 फीसदी अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जो परीक्षा देने पहुंचे, वे कठिन सवालों से जूझते रहे। ज्यादातर अभ्यर्थी पूरा पेपर हल नहीं कर सके।
विषय विशेषज्ञ डॉ. एसपी शर्मा ने बताया कि पेपर में 150 प्रश्न थे। 50 प्रश्न हिंदी, 50 रीजनिंग, 50 सामान्य अध्ययन के रहे। रीजनिंग सेक्शन के सवाल पिछली बार की तुलना में कठिन रहे। हिंदी के सवाल सामान्य थे। साहित्य से संबंधित प्रश्नों की संख्या ज्यादा रही। सामान्य अध्ययन के प्रश्न काफी घुमावदार रहे। समसामयिक घटनाक्रम के सवाल बेहद कठिन रहे। प्रश्न पत्र दो घंटे का था जबकि प्रश्नों की संख्या ज्यादा रही। कठिन सवाल सुलझाने में जो अभ्यर्थी व्यस्त रहे वे 20-25 सवाल हल नहीं कर सके।
डीएम शिवाकान्त द्विवेदी ने राजकीय इंटर कॉलेज, इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर मुस्तैदी परखी। एडीएम सिटी डॉ. आरडी पांडेय ने बताया कि दोनों पालियों में 29,874 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। पहली पाली में 5,998 उपस्थित, 8,939 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 6,044 उपस्थित, 8,893 अनुपस्थित रहे।
अभ्यर्थी बोले : कई सवाल रहे उलझाऊ
- परीक्षा की तैयारी पहले से चल रही थी पर कुछ सवाल कठिन रहे। जिन्हें छोड़ दिया ताकि जो सवाल हल हो रहे हैं वे न छूटें। - पीयूष वर्मा
- कई प्रश्न उलझाऊ थे। निगेटिव मार्किंग के डर से ऐसे प्रश्नों का उत्तर नहीं दिया। हालांकि, परीक्षा में पास होने की उम्मीद है। - आशीष
- रीजनिंग के सवाल कठिन रहे पर हिंदी साहित्य के सवाल आसान थे। सेंटर दूर होने से केंद्र तक पहुंचने में दिक्कत हुई। - राकेश सिंह