बरेली के फरीदपुर, बहेड़ी, फतेहगंज पूर्वी और आंवला के गांवों में सियार के हमले की घटनाओं के बाद मंगलवार को शहर से सटे बड़ा बाइपास के आसपास के इलाकों में तेंदुआ देखे जाने की खबर से दहशत फैल गई। पुलिस और वन विभाग की टीम ने कॉम्बिंग की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। बताए गए इलाकों में टीमें मैपिंग करने के साथ पग चिह्न की भी तलाश कर रही हैं।
इज्जतनगर और बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के बॉर्डर के गांव भगवानपुर धीमरी में तेंदुआ देखे जाने की सूचना है। क्षेत्र के रजऊ परसपुर सहित कई गांवों में लोग पिछले तीन चार दिन से तेंदुए जैसे वन्यजीव के दिखने की बात कर रहे थे। मगर अधिकारी इसे अफवाह मान रहे थे। मंगलवार शाम को तेंदुए की फोटो के साथ एक पोस्ट भी एक्स के जरिए बरेली पुलिस समेत उच्च अधिकारियों को टैग करते हुए की गई।
रेंजर वैभव चौधरी का कहना है कि ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद कॉम्बिंग कराई जा रही है। वहीं, इज्जतनगर इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय के मुताबिक सूचना पर वन विभाग टीम के साथ तेंदुआ के आवागमन वाले मार्ग पर फुट मैपिंग की।