नवाबगंज। जमीन के कुरा बंटवारे (सीमांकन) को लेकर एक युवक ने हलका लेखपाल पर 50 हजार रुपये लेने का आराेप लगाया है। काम पूरा न होने पर पीड़ित ने एसडीएम को शिकायती पत्र सौंपा है। एसडीएम उदित पवार ने नायब तहसीलदार को जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।
कस्बे के मोहल्ला आदर्श नगर निवासी राम सिंह ने सिजौलिया में लगभग एक बीघा भूमि खरीदी है। युवक ने खरीदी भूमि पर मिट्टी से पटान कराकर समतल करा लिया है। आरोप है कि कुरा बंटवारे का मुकदमा एसडीएम कोर्ट में चल रहा था। इस मामले में पीड़ित ने हलका लेखपाल से कुरा बटवारा सही ढंग से करने की मांग की। आरोप है कि लेखपाल ने इसके लिए पीड़ित से तहसील परिसर में 50 हजार रुपये की राशि भी ली, लेकिन उसके बाद भी काम को पूरा नहीं कराया जा सका। अब पीड़ित ने अपने रुपये वापस मांगे तो लेखपाल ने टरका दिया। शिकायत मिलने पर एसडीएम ने मामले में संज्ञान लिया है। नायब तहसीलदार सत्यवीर सिंह से जांच कर रिपोर्ट तलब की है। संवाद