बरेली के सुरेश शर्मा नगर निवासी आकाश गंगवार ने तीसरे प्रयास में यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 684 रैंक हासिल की है। आकाश ने 65 लाख रुपये का पैकेज छोड़कर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की थी। आकाश ने बताया कि आईआईटी कानपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग करने के बाद उन्होंने एक कंपनी में नौकरी की। इसके बाद जोमैटो में सॉफ्टवेयर डेवलपर के पद पर दो साल तक नौकरी की। यहां उनका पैकेज 65 लाख प्रति वर्ष का था। आईएएस बनने की चाह के चलते उन्होंने नौकरी छोड़ने का फैसला किया। मत्स्य विभाग में इंस्पेक्टर पिता के साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों ने भी साथ दिया।
आकाश ने बताया कि वह मूल रूप से पीलीभीत के परसिया गांव के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि इंटरव्यू में उनके विषय से ही सवाल पूछे गए। सबसे मुश्किल सफर इंटरव्यू का रहा है, क्योंकि इससे पहले भी वह दो बार साक्षात्कार में नाकाम हो गए थे। उन्होंने बताया कि वह एक बार तैयारी करेंगे क्योंकि इस रैंक से अभी संतुष्ट नहीं हैं।