बरेली। आईजी डॉ.राकेश सिंह सोमवार को शिक्षक की भूमिका थे। कांति कपूर बालिका इंटर कॉलेज में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला में छात्राओं से उन्होंने सीधा संवाद किया। हाथ उठवाकर पूछा कि ...किनके घरों में दोपहिया वाहन हैं? जवाब में अधिकांश छात्राओं ने घर में वाहन होने की बात कही। उन्होंने सवाल दागा कि क्या वह, उनकी मां या परिजन बाइक या स्कूटी पर पीछे बैठते वक्त हेलमेट लगाते हैं? छात्राओं में अधिकांश का जवाब ''''न'''' में था।
इस पर आईजी ने कहा कि ''''...आज से आप संकल्प लीजिए कि आपके घर में वाहन चलाने और पीछे बैठने वाले सभी लोग हेलमेट लगाएंगे। चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट जरूर लगाएंगे। इससे आप और आपका परिवार सुरक्षित रहेगा।'''' उन्होंने छात्राओं को हर वर्ष होने वाली सड़क दुर्घटनाओं का आंकड़ा भी बताया।
इस मौके पर साइबर सुरक्षा के बारे में भी विशेषज्ञों ने टिप्स दिए। विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष डॉ. रश्मि शर्मा ने मुख्य अतिथि आईजी रेंज को श्रीफल भेंट करके उनका स्वागत किया। प्रधानाचार्य अर्चना सिंह, व्यवस्थापिका सरोज अग्रवाल, सह व्यवस्थापिका मोना शर्मा, शिक्षिका बबिता राय, लवी, मोक्षिता समेत अन्य शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।
-
टू स्टेप वेरिफिकेशन लगाकर हैकिंग से बचें, स्पैम कॉल न उठाएं
मंडलीय साइबर थाने के इंस्पेक्टर नीरज सिंह ने छात्राओं को साइबर अपराध से बचने के गुर बताए। उन्होंने बताया कि फोन में महत्वपूर्ण एप्लीकेशन में टू स्टेप वेरिफिकेशन लगाने से अपराधियों से बचा जा सकता है, बशर्ते उसका छह अंकों का पासवर्ड किसी से शेयर न करें। टू स्टेप वेरिफिकेशन लगाने के लिए व्हाट्सएप में सेटिंग में जाकर अकाउंट में जाएं। यहीं वेरिफिकेशन का ऑप्शन आ जाएगा। इंस्टाग्राम पर सेटिंग एंड प्राइवेसी के बाद पासवर्ड एंड सिक्योरिटी में जाने पर टू स्टेप वेरिफिकेशन का ऑप्शन आएगा। वहीं फेसबुक पर सेटिंग एंड प्राइवेसी के बाद सेटिंग में जाकर अकाउंट सेंटर में जाएं और वहां से पासवर्ड एंड सिक्योरिटी में जाकर टू स्टेप वेरिफिकेशन को चुन लें। इसके अलावा ट्रू कॉलर पर स्पैम दिखने वाली फोन कॉल न उठाएं। कंट्री कोड (+91) के अलावा किसी कोड से फोन आए तो कॉल रिसीव न करें।
साइबर सुरक्षा के मुख्य बिंदु-
- अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
- सोशल मीडिया पर फोटो शेयर न करें।
- ई-कॉमर्स एप को फोटो या माइक्रोफोन के लिए एक्सेस की अनुमति न दें।
- रात को सोते समय फोन का डाटा बंद रखें।
- अंजान वीडियो कॉल रिसीव न करें।
- अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट एक्सेप्ट न करें।
सोशल मीडिया पर बिना मर्जी शेयर सामग्री हटवाएं
इंस्पेक्टर नीरज सिंह ने बताया कि अगर आपकी तस्वीर या निजी जानकारी सोशल मीडिया से लेकर आपकी मर्जी के बिना किसी प्लेटफॉर्म पर शेयर कर दी गई है या दुरुपयोग किया जा रहा है तो आप वॉयलेशन ऑफ प्राइवेसी को लॉगिन कर फॉर्म भर सकते हैं। इसे भरते वक्त आपसे विकल्प पूछा जाएगा तो सोशल मीडिया की जिस साइट से अपराध हुआ है उसे विकल्प के तौर पर भरें। डिजिटल मिलेनियम कॉपी राइट एक्ट के तहत फॉर्म भरकर भी आपका विवरण किसी अन्य की प्रोफाइल या साइट से हटवाया जा सकता है।
ऐसे पता करें आपकी आईडी कहीं और तो लॉगिन नहीं
- फेसबुक में सिक्योरिटी एंड प्राइवेसी के सहारे अकाउंट सेंटर में जाएंगे तो व्हेयर योर लॉगिन ऑप्शन आएगा। इस पर क्लिक करने से पता चल जाएगा कि आपकी आईडी को कहां-कहां लॉगिन किया गया है। इसी प्रक्रिया से इंस्टाग्राम में अकाउंट सेंटर पर क्लिक करने से यह ऑप्शन मिल जाएगा और आप ऐसी आईडी चिह्नित कर अपना अकाउंट सुरक्षित कर सकते हैं।