भीर हालत में निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती
बरेली। किला के मोहल्ला लक्षबंधान निवासी 28 वर्षीय अधिवक्ता फैसल नसीम पर धर्मकांटा चौराहे के पास अज्ञात बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में उन्हें निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। घटना की रिपोर्ट थाना प्रेमनगर में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ दर्ज कराई गई है, लेकिन परिजन घटना की वजह या किसी से रंजिश के बारे में कुछ नहीं बता पा रहे हैं।
भाई जब्बार ने बताया कि फैसल नसीम का ऑफिस हजियापुर में है। शनिवार रात वह ऑफिस बंद करके बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब साढ़े दस बजे प्रेमनगर में धर्मकांटा चौराहे के पास तीन-चार लोगों ने फैसल नसीम को रोक लिया और चाकू से हमला कर दिया। आरोपियों ने चाकू से उनकी कमर, पेट और गले पर वार किए। इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद बदमाश भाग गए।
फैसल नसीम ने किसी तरह फोन करके घरवालों को सूचना दी तो वे मौके पर पहुंचे। मगर तब तक किसी राहगीर की सूचना पर प्रेमनगर पुलिस उन्हें जिला अस्पताल भेज चुकी थी। जब्बार परिवार वालों के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और फैसल की गंभीर हालत को देखते हुए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। आईसीयू में रखकर उनका इलाज किया जा रहा है। गर्दन में जख्म होने के कारण वह बोल नहीं पा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि घटना की वजह पता लगने के बाद ही हमलावरों का पता लग सकेगा। घरवाले इस बारे में कुछ बता नहीं पा रहे हैं। फैसल की हालत में सुधार होने के बाद ही कुछ पता चल सकेगा।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात
इंस्पेक्टर प्रेमनगर शितांशु शर्मा ने बताया कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई है। इसमें दो युवकों से अधिवक्ता फैसल नसीम का विवाद होने और फिर युवकों के हमलावर होने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है। हमलावरों को तलाशा जा रहा है।