बरेली। बारिश के बाद कुछ हद तक साफ हुए वातावरण में ठंड का असर बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार की रात नवंबर की सर्वाधिक सर्द रात दर्ज हुई है। रिकॉर्ड किए गए 9.2 न्यूनतम तापमान ने बीते साल के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। पिछले वर्ष के मुकाबले इस दिन यह तापमान एक डिग्री कम है। ठंड का असर दिन में खिली धूप के बावजूद हावी रहा। लोग खिली चटख धूप में भी गर्म कपड़ों में नजर आए। मौसम विभाग ने फिलहाल रात में तापमान में गिरावट जारी रहने की आशंका जताई है।
आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र के डायरेक्टर डॉ. जेपी गुप्ता के मुताबिक पहाड़ों पर बीते कई दिनों से बर्फबारी हो रही है। जिसके असर से मैदानी क्षेत्रों में प्रवेश कर रही हवा से ठंड बढ़ रही है। रिकॉर्ड के मुताबिक शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 22.1 डिग्री और पांच डिग्री की गिरावट दर्ज कराते हुए न्यूनतम 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नमी का स्तर 75 फीसदी तक दर्ज हुआ। बीते साल नवंबर में अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री और न्यूनतम 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। एक्यूवेदर और स्काईमेट वेदर साइट की रिपोर्ट के मुताबिक भी तापमान में अगले चार दिनों तक गिरावट जारी रहने की आशंका है। विशेषज्ञों के मुताबिक तापमान में गिरावट की वजह बारिश से साफ हुई धुंध और नमी के स्तर का तेजी से कम होना है।