बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में चल रही स्नातक समसेमेस्टर की प्रयोगात्मक परीक्षाएं संपन्न कराने का अब आखिरी मौका है। परीक्षा नियंत्रक ने सभी कॉलेजों को पत्र जारी कर हर हाल में पांच जुलाई तक परीक्षाएं कराकर अंक अपलोड करने के निर्देश दिए हैं।
किन्हीं भी वजहों से अगर अंक अपलोड नहीं हो सके या किसी पाठ्यक्रम की परीक्षा संपन्न नहीं हो सकी तो इसकी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी। भविष्य में पोर्टल खोले जाने पर भी कोई विचार नहीं किया जाएगा। जारी पत्र के अनुसार नई शिक्षा नीति-2020 से आच्छादित स्नातक स्तर पर बीए/बीएससी/बीकॉम/बीएससी-गृह विज्ञान, बीबीए आदि सम सेमेस्टर सत्र 2023-24 की प्रयोगात्मक परीक्षाएं चल रही हैं। जिन्हें संपन्न कराकर अंक अपलोड करने की अंतिम तिथि 27 जून थी, लेकिन कई कॉलेजों ने अभी अंक अपलोड नहीं किए। लिहाजा अंतिम तारीख बढ़ा दी है।
अब पांच जुलाई तक परीक्षा संपन्न कराकर अंक अपलोड किए जा सकेंगे। कहा है कि संबंधित कॉलेज इस तिथि तक प्रयोगात्मक/आंतरिक परीक्षा हर हाल में करा लें। पांच जुलाई के बाद किसी भी दशा में अंक स्वीकार नहीं होंगे। परीक्षाफल घोषित करने पर भी विचार नहीं होगा।
विधि कॉलेजों को भी पांच जुलाई तक मौका
परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार ने विधि पाठ्यक्रम सम सेमेस्टर वर्ष-2024 की प्रयोगात्मक और आंतरिक परीक्षा की तिथि भी पांच जुलाई तक बढ़ाई है। कहा है कि इस तिथि तक संबंधित विधि महाविद्यालय एलएलबी सम सेमेस्टर और बीए एलएलबी सम सेमेस्टर की प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराकर पोर्टल पर अंक अपलोड करें। अन्यथा की स्थिति में पोर्टल बंद हो जाएगा। अंक अपलोड नहीं होंगे।
परीक्षाओं में लेटलतीफी से देर में आए परिणाम
परीक्षा नियंत्रक के मुताबिक प्रयोगात्मक परीक्षाओं की निर्धारित तिथि बार-बार आगे बढ़ाने से परीक्षा परिणाम भी जल्द जारी करने में अड़चन का सामना करना पड़ता है। इससे विद्यार्थियों की आगे की पढ़ाई, नए सत्र की आगे की कक्षा में प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित होती है। पढ़ाई के लिए कम समय मिलता है। कॉलेजों को अब निर्धारित समय में परीक्षाएं कराकर अंक अपलोड करने के लिए कहा गया है। ब्यूरो