नवाबगंज। कस्बे में नगर पालिका की सह पर भूमाफियाओं ने सरकारी भूमि व तालाबों पर कब्जा कर लिया है। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन पर आरोप लगाते हुए एसडीएम को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम ने मामला संज्ञान में लेकर जांच के निर्देश दिए हैं।
शनिवार को पूर्व जिला पंचायत सदस्य नीरू सिंह सागर, कपिल, रवि, वीरेन्द्र, नन्हे, महेन्द्रपाल आदि ने एसडीएम अजय कुमार उपाध्याय को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि नगरपालिका परिषद प्रशासन की सह पर नगर के श्री गुलाब राय इंटर काॅलेज, जेपीएन इंटर कालेज के पीछे स्थित तालाब को पाट कर लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। इसके साथ ही नगर पालिका परिषद ने हाईवे की भूमि पर दुकानों का निर्माण कराकर अवैध वसूली कर रही है। नगर के बाजार रोड पर भी नगरपालिका परिषद ने लोगों से सांठगांठ कर दुकानों का निर्माण कराकर दुकानों को लाखों रुपये में बेंच दिया है। संवाद
शिकायतकर्ताओं ने जो आरोप लगाए हैं। वो अवैध कब्जे हमारे शासनकाल के नहीं है। यदि जांच में लोगों की शिकायतें सही पाई जाती हैं तो अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
- प्रेमलता राठौर, अध्यक्ष, नगरपालिका परिषद
राजस्व कर्मियों को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है। साथ ही जांच पूर्ण होने तक मिट्टी से पटान करने पर रोक लगा दी गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी ।
- अजय कुमार उपाध्याय, एसडीएम