शासन के निर्देश पर जिला, तहसील व ब्लॉक स्तर पर कराया जाएगा निर्माण
बरेली। शासन के निर्देश पर जिले के साथ ही तहसील व ब्लॉक स्तर पर हेलीपैड का निर्माण कराया जाना है। इसके लिए अभी तक तीन तहसीलों में ही भूमि मिल सकी है। सदर तहसील में पहले से ही हेलीपैड बना हुआ है। अन्य तहसीलों में तलाश जारी है।
भूमि की तलाश पूरी होने के बाद प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जाएगा, इसके बाद निर्माण किया जाएगा। एक माह पहले शासन ने जिला, तहसील व ब्लॉक पर एक-एक हेलीपैड बनाने का आदेश दिया गया।
पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता भगत सिंह ने बताया कि नवाबगंज के अधकटा नजराना गांव, बहेड़ी तहसील में जमीन मिल गई है। वहीं, निर्माण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता राजीव अग्रवाल ने बताया कि फरीदपुर तहसील के पचौमी गांव में भूमि मिल गई। आंवला तहसील के एक गांव में जमीन चिह्नित हुई थी, जहां से हाईटेंशन तार गुजरने के कारण इस स्थान को फाइनल नहीं किया गया।
मीरगंज तहसील में अभी तक भूमि चिह्नित नहीं हो सकी है। प्राथमिकता के तौर पर पहले तहसीलों में इसका निर्माण कराया जाएगा। इसके बाद फिर ब्लॉक में काम होगा।
सदर तहसील का हेलीपैड होगा अपग्रेड
सदर तहसील का हेलीपैड पुलिस लाइन में बनाया गया है। यह 30 वर्ष से अधिक पुराना बताया जा रहा है। ऐसे में इसको अपडेट करने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। ब्यूरो