जान से मारने की धमकी दी, भू-स्वामी समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट
बरेली। कैंट थाना क्षेत्र के मोहनपुर में तथ्य छिपाकर एक व्यक्ति ने भूमि का सौदा कर दिया। इकरारनामा के बदले 50 लाख रुपये भी ले लिए। खरीदार को जब पता लगा कि भूमि से संबंधित विवाद कोर्ट में विचाराधीन है तो उसने रुपये वापस मांगे। आरोप है कि सौदा करने वाले ने रुपये देने से इन्कार कर दिया। जान से मारने की धमकी दी और 50 लाख रुपये रंगदारी मांगी। पुलिस ने भू-स्वामी समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मोहनपुर निवासी वाजिद हुसैन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने कैंट थाना क्षेत्र के ही पुराना आरटीओ ऑफिस सिविल लाइंस निवासी मोहनलाल से नरियावल स्थित 2330 वर्गमीटर जमीन का सौदा किया था। मोहनलाल ने बताया था कि भूमि से संबंधित कोई भी विवाद नहीं है। जनवरी में 50 लाख रुपये लेकर मोहन लाल ने इकरारनामा कर दिया। बाद में पता लगा कि भूमि पर राजस्व संहिता के तहत वाद लंबित है।
उसने तथ्य छिपाने को लेकर मोहनलाल से आपत्ति जताई। 18 जुलाई को मोहन लाल का दामाद सचिन अपने दोस्त पुलकित के साथ उसके घर आया और कहा कि या तो 50 लाख की रंगदारी दे या फिर जमीन और 50 लाख भूल जा। पुलिस से शिकायत करने पर मोहनलाल, सचिन, पुलकित और मयंक ने लाठी-डंडों से लैस होकर हमला कर दिया। रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। संवाद