बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने औद्योगिक टाउनशिप विकसित करने के लिए बुधवार से भूमि क्रय और मुआवजा वितरण की शुरुआत कर दी है। किसानों को सर्किल रेट से चार गुना तक प्रतिकर दिया जा रहा है। बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. मनिकंडन ए ने बताया कि प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और किसान हितैषी बनाया गया है। जमीन की खरीद आपसी सहमति के आधार पर की जा रही है, ताकि विवाद की स्थिति न रहे।
पहले दिन ग्राम रहपुरा जागीर के धर्मपाल, प्रेमराज, राम प्रसाद और गंगा प्रसाद को कुल 74 लाख रुपये मुआवजे का भुगतान किया गया। इस टाउनशिप को सदर तहसील के ग्राम रसूला चौधरी और मीरगंज तहसील के भिटौरा नौगंवा, चिटौली व रहपुरा जागीर की 126.30 हेक्टेयर भूमि पर विकसित किया जाना है। बीडीए के अनुसार, इस औद्योगिक टाउनशिप के निर्माण से न केवल निवेश को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। क्षेत्र में सड़क, बिजली और आधुनिक जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे बरेली के शहरीकरण को एक नई और सुनियोजित दिशा मिलेगी।