फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लालफाटकः खुद जाम में फंसे तो सांसद जी को याद आई फोर्स

विज्ञापन
लालफाटक पर जाम में फंसे आंवला सांसद धर्मेन्द्र कश्यप तो खुद खुलवाने लगे जाम। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
विज्ञापन

एसपी ट्रैफिक को फोन कर जताई नाराजगी, सिपाहियों की संख्या बढ़ाने को कहा

बरेली। आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप शनिवार को लालफाटक पर लगे जाम में फंस गए। काफी देर प्रतीक्षा के बाद भी जाम नहीं खुला तो फोर्स की कमी महसूस हुई। खुद गाड़ी से उतरकर जाम खुलवाने में जुट गए। एसपी ट्रैफिक को फोन कर नाराजगी जताई और लाल फाटक पर सिपाहियों की संख्या बढ़ाने को कहा।
विज्ञापन

शहर के अंदर सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदाई से सड़कें बदहाल हैं तो बाहरी सड़कों पर लोग फ्लाईओवर और ओवरब्रिज निर्माण के चलते जाम से जूझ रहे हैं। शनिवार को आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप फरीदपुर से एक निजी कार्यक्रम से लौटने के दौरान लालफाटक पर जाम में फंस गए। कुछ देर जाम में फंसे रहने के बाद भी जब उनकी गाड़ी आगे नहीं बढ़ी तो वह खुद उतरकर ट्रैफिक खुलवाने में लग गए। करीब पंद्रह मिनट बाद जाम खुला और उनकी गाड़ी वहां से निकल सकी। इस बीच सांसद ने एसपी ट्रैफिक से फोन पर बात कर नाराजगी जताई। लाल फाटक पर सिपाहियों की संख्या बढ़ाने को भी कहा। उधर, किला रोड पर भी रोजाना लोगों को भीषण जाम का सामना करना पड़ रहा है। बिहारीपुर चौराहे तक तो चौपुला फ्लाईओवर का काम चल रहा है, वहीं सिटी स्टेशन के सामने एक लेन पर सीवर की खोदाई का काम होने से स्थिति और खराब हो गई है।
शहर में भी ट्रैफिक का हाल करीब डेढ़ साल से खराब है। शहर में चाराें ओर सड़कें खुदी पड़ी हैं। होली नजदीक होने से बाजारों में भीड़ बढ़ने लगी है। ऐसे में उखड़ी, खुदी पड़ी सड़कें और बड़ी मुसीबत बन गई हैं। बरेली कॉलेज के सामने नाले का निर्माण अब तक पूरा नहीं हुआ है। इसकी वजह से यहां से पुराना रोडवेज बस अड्डा रोड, नावल्टी चौराहा, जिला अस्पताल रोड और कुतुबखाना तक जाम लग रहा है। पटेल चौक पर भी सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदाई हो रही है। इससे जाम की स्थिति और ज्यादा विकट हो गई है। विकास भवन रोड को भी जाम से निजात नहीं मिल पा रही है।

कंपनी बाग चौराहे पर दलदल से जाम

कंपनी बाग चौराहे पर खोदाई के बाद मिट्टी का भराव कर उसे ऐसे ही छोड़ दिया गया है। उसकी रोलिंग तक नहीं कराई गई है। दो दिन पहले ही यहां एक ट्रक फंस गया था। इस समय भी यहां दलदल की स्थिति है। मिट्टी कई जगह बैठ गई है। इससे वाहन फंस जाते हैं। आगे सड़क बंद है तो यातायात को सर्किट हाउस रोड की तरफ से निकाला जाता है। इससे विकास भवन रोड को जाम से निजात नहीं मिल पा रही है। जल निगम एक्सईएन संजय कुमार ने बताया कि इसी सप्ताह कंपनी बाग चौराहे से चौकी चौराहे तक जहां तक गिट्टी नहीं पड़ी है, वहां गिट्टी डालने का काम कराया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें