थाना सुभाषनगर की महिला दरोगा ने सिपाही के साथ मारपीट कर दी। सिपाही लक्ष्मी शर्मा ने दरोगा ज्योति त्यागी पर मारपीट के साथ जातीय आधार पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए एडीजी से शिकायत की है। एडीजी के निर्देश पर घटना की जांच सीओ आशीष प्रताप सिंह को दी गई है। मारपीट की घटना थाने के सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है। एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने दरोगा को सस्पेंड कर दिया है।
सिपाही लक्ष्मी शर्मा ने एडीजी को बताया कि वह 2019 बैच की सिपाही हैं और एक साल से थाना सुभाषनगर में तैनात हैं। आरोप लगाया कि थाने में तैनात दरोगा ज्योति त्यागी बेवजह उनसे मनमुटाव रखती हैं। 24 जुलाई को मंदिर पर ड्यूटी के दौरान दरोगा ने उनसे अभद्रता करते हुए उनके घरवालों को भी अपशब्द कहे। बृहस्पतिवार को उनकी हमराह ड्यूटी लगी थी। सुबह करीब सवा दस बजे वह ड्यूटी पर पहुंचीं तो दरोगा ज्योति त्यागी थाने में ही उनसे अभद्रता करने लगीं। विरोध करने पर सबके सामने मारपीट की जिसमें उन्हें चोटें भी लगीं। उन्होंने दरोगा पर जातीय आधार पर मानसिक उत्पीड़न करने का भी आरोप लगाया है। एडीजी ने शिकायत की जांच के निर्देश दिए हैं।
कहा- एक अन्य सिपाही को जाना पड़ा जेल
लक्ष्मी ने आरोप लगाया कि थाने में तैनात एक सिपाही ताराचंद को दरोगा ज्योति त्यागी के उत्पीड़न के कारण जेल तक जाना पड़ा। उन्होंने दरोगा पर अधीनस्थों से हीन भावना रखने का आरोप लगाया। उधर, दरोगा ज्योति त्यागी ने कहा कि वह इस बारे में अपने अफसरों को ही जवाब देंगी। इंस्पेक्टर सुभाषनगर विश्वजीत प्रताप सिंह ने बताया कि इस मामले में उन्होंने एसएसपी को रिपोर्ट भेज दी है।
महिला सिपाही ने एडीजी से शिकायत की थी। दरोगा को सस्पेंड कर दिया गया है। सीओ को जांच सौंपी गई है। जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, एसएसपी