कुतुबखाना पुल के नामांकन के लिए बोर्ड लगाए गए।
- फोटो : अमर उजाला
बरेली के कुतुबखाना पुल मजबूती के सभी परीक्षणों में पास हो गया। पुल पर 40 किलोमीटर प्रति घंटा की गतिसीमा तय की गई है। अगर इसी रफ्तार से आपका वाहन दौड़ा तो दो मिनट में 1305 मीटर लंबा पुल पार हो जाएगा। कुतुबखाना पुल पर लोड की टेस्टिंग के लिए परीक्षण चल रहे थे।
मशीनों में 150-150 मीट्रिक टन भार रख कर छत की मजबूती परखी गई जिसमें कोई कमी नहीं पाई गई। पुल मजबूती को मानकों पर खरा पाया गया है। अभियंताओं की रिपोर्ट में ओके है। अब पुल के दोनों ओर प्रवेश द्वार बनवाने की तैयारी है। बरेली स्मार्ट सिटी के अधिकारी पुल के लोकार्पण की तैयारी में हैं।
मार्च के पहले सप्ताह में हो सकता है लोकार्पण
कार्यदायी संस्था मंटेना इंफ्रासोल प्राइवेट लिमिटेड पुल को सेतु निगम के हवाले करेगा और सेतु निगम इसे लोक निर्माण विभाग को सौंपेंगे। भविष्य में पुल की देखरेख लोक निर्माण विभाग के हाथ में रहेगी।
नाथ महोत्सव मार्च के पहले सप्ताह में प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आमंत्रित किया गया है। अगर मुख्यमंत्री आते हैं तो पुल का लोकार्पण उनके हाथों से ही कराया जाएगा।