कुतुबखाना पुल का निर्माण अब कोहाड़ापीर साइड से भी शुरू करने की तैयारी है। 27 अक्तूबर के बाद इस निर्माण कार्य में तेजी आएगी। इसके साथ ही काम शिफ्ट के अनुसार होगा, जो दिन-रात चलेगा, तभी सेतु निगम अप्रैल 2023 तक पुल का निर्माण पूरा कर पाएगा।
कुतुबखाना पुल का निर्माण शुरू हुए एक माह हो गया है, लेकिन अब तक दो पिलर की ही पाइलिंग का काम पूरा हो पाया है। कई बार काम रुका और चला। कुछ दिन पहले व्यापारियों ने पुल का विरोध किया। सेतु निगम तैयारी कर रहा था कि कोहाड़ापीर साइड से भी पुल निर्माण शुरू हो, लेकिन व्यापारियों ने दिवाली तक कोहाड़ापीर साइड से काम शुरू न करने की बात कही।
अब दिवाली हो चुकी है, इसलिए दो दिन बाद कुतुबखाना पुल का निर्माण इंदिरानगर साइड से होगा। इसी के साथ कोहाड़ापीर साइड से भी काम शुरू किया जाएगा। सेतु निगम के एक अधिकारी ने बताया कि दिसंबर तक 51 पिलर खड़े करने हैं। समय कम बचा है। ऐसे में दो शिफ्टों में काम होगा। छह से सात पाइलिंग मशीनें लगाकर मिट्टी की जांच पूरी की जाएगी। जिला अस्पताल के सामने पिलर के लिए किए गए कट पर काम एक-दो दिन में शुरू हो जाएगा।