फरीदपुर। मोहल्ला परा, राठौर बस्ती निकट होली चौक के समीप मंदिर में शेर पर सवार मां दुर्गा देवी की मूर्ति बुधवार रात किसी खुराफाती ने तोड़ दी। सुबह जब मोहल्ले के लोग पूजा करने पहुंचे तो उन्हें जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने खंडित मूर्ति को रामगंगा नदी में विसर्जित कराया। अब मोहल्ले वाले चंदा एकत्र कर नवरात्र में मां दुर्गा की नई मूर्ति की मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा कराएंगे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि राजाराम राठौर के मकान के पास गली में स्थापित मंदिर में दुर्गा मां, बालाजी की मूर्ति एवं शिवलिंग स्थापित है। बस्ती के लोग मंदिर में रोजाना पूजा-अर्चना करते हैं। मंदिर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा टूटने की जानकारी जैसे ही मोहल्ले वालों को हुई तो बस्ती के सैकड़ों लोग एकत्र हो गए। खंडित मूर्ति देखकर बस्ती वालों का पारा चढ़ गया। आक्रोश को देखते हुए इंस्पेक्टर दयाशंकर फोर्स के साथ पहुंच गए। उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ कर आरोपी की तफ्तीश की। बताया जा रहा है कि देर रात किसी वक्त मूर्ति को नुकसान पहुंचाया गया है। इंस्पेक्टर ने लोगों को आश्वस्त किया कि जांच कर खुराफाती के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।