बरेली। ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती संजरी अजमेरी का 814 उर्स अजमेर शरीफ में चल रहा है। अजमेर शरीफ में माहे रजब का चांद 21 दिसंबर को नजर आ गया है। इस इतिबार से कुल शरीफ की रस्म शनिवार को अदा की जाएगी। वहीं, दरगाह आला हजरत पर भी 27 दिसंबर को सुबह 11 बजे कुल शरीफ की रस्म दरगाह प्रमुख हजरत मौलाना सुब्हान रजा खान की सरपरस्ती व सज्जादानशीन बदरूशरिया मुफ्ती अहसन मियां की सदारत में अदा की जाएगी।
मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि उर्स में शिरकत करने के लिए बरेली से भी बड़ी संख्या में अकीदतमंद जाते है। उधर सिटी स्टेशन पर भी देश भर के जायरीन बसों द्वारा पहुंच रहे है। अब तक सैकड़ों की संख्या में देश के विभिन्न सूबों से बसे पहुंच चुकी है। इनका पड़ाव सिटी सब्जी मंडी से दूल्हा मियां के मजार तक है। इनकी सहूलियत के लिए नगर निगम व दरगाह की ओर से कैंप लगाया गया है। संवाद