रबड़ी टोला मोहल्ले का मामला, एकदूसरे पर आरोप लगाए
बरेली। राशन को लेकर कोटेदार और उपभोक्ताओं के बीच मारपीट हो गई। कोटेदार ने उपभोक्ता पर सामान फेंकने का भी आरोप लगाया और घटना की शिकायत पुलिस से कर दी। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई।
बारादरी थाना क्षेत्र के मोहल्ला रबड़ी टोला की सरकारी राशन दुकान के कोटेदार परवेज और उपभोक्ता काकी राणा के बीच राशन को लेकर शनिवार दोपहर बाद दुकान पर विवाद हो गया। कोटेदार ने काकी राणा पर अपने बेटे अरमान के साथ मिलकर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों ने दुकान में रखा सामान भी फेंक दिया। वहीं काकी राणा ने कहां कि कोटेदार ने उसके राशनकार्ड से एक यूनिट उसके पति के नाम का कम कर दिया और अब राशन देने में भी आनाकानी करता है। पिछले कई दिनों से वह उसके बेटे अरमान को राशन नहीं दे रहा था। कल वह दुकान पर गईं तो उसने शनिवार को तीन बजे राशन देने के लिए बुलाया था। यहां बहस के बाद दोनों पक्षों में मारपीट की नौबत आ गई। किसी ने काकी राणा को धक्का दिया तो उनका बेटा अरमान कोटेदार से भिड़ गया। दोनों पक्ष पहले श्यामगंज पुलिस चौकी पहुंचे और फिर पुलिस उन्हें थाने ले गई। देर शाम तक दोनों पक्ष थाने में थे।