आमतौर पर पुलिस की छवि खराब सही, लेकिन कुछ पुलिसकर्मी जब-तब अपवाद के रूप में भी सामने आते हैं। ऐसा ही एक मामला बृहस्पतिवार को कोतवाली में आया। एक गरीब छात्र की पढ़ाई की जिम्मेदारी कोतवाली में तैनात सिपाही किशन सिंह के लेने और उसकी फीस जमा करने का मामला सामने आने के बाद एसएसपी ने किशन सिंह को कोतवाली का पुलिस परसन ऑफ मंथ घोषित किया है। बांसमंडी में आयुर्वेदिक कॉलेज के पास रहने वाले अमन के पिता खेमकरन की पांच साल पहले मौत हो चुकी है। मां राम प्यारी भी पति की मौत के बाद बीमार रहती हैं। इस वजह से अमन की स्कूल में फ ीस जमा नहीं हो सकी और उसका नाम कट गया। पढ़ने में होशियार अमन ने घर में ही पढ़ाई जारी रखी और एडमिशन के लिए जीआईसी में संपर्क किया लेकिन वहां भी एडमिशन नहीं हुआ। वह इसकी शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचा जहां सिपाही किशन सिंह से उसकी मुलाकात हुई। किशन सिंह उसे लेकर स्कूल पहुंचे। उसकी फ ीस और तमाम खर्च का ब्यौरा लेकर किशन सिंह ने उसकी फीस जमा कर एडमिशन करा दिया।