केईआई कंपनी ने फिर सारे शहर को बेहाल कर दिया। लापरवाही से खुदाई के कारण बिजली की केबिल, पानी की पाइप लाइन और ओएफसी कट गई जिससे बिजली और पानी के संकट के साथ ही पूरे शहर में बीएसएनएल नेटवर्क भी अस्तव्यस्त हो गया है। एसटीडी, ब्राडबैंड और फोन नेटवर्क ठप हो गया। सेना, प्रशासन, बैंक और सामान्य उपभोक्ता प्रभावित रहे। लोग दूर दराज से फोन से संपर्क तक नहीं कर पाए। आनलाइन कारोबार सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ। देर रात तक मरम्मत कार्य जारी रहा लेकिन हालात सामान्य नहीं हो पाए थे।
शुक्रवार सुबह अचानक केईआई ठेकेदार ने लापरवाही से खुदाई करते समय भूमिगत ओएफसी लाइनें क्षतिग्रस्त कर दी। इससे पूरा बीएसएनएल नेटवर्क ही ठप हो गया। सुबह दस बजे तक एसटीडी, आईएसडी, ब्राडबैंड, एक्सचेंज और मोबाइल फोन नंबर ठप हो गया। एक एक्सचेंज से दूसरे एक्सचेंज क्षेत्र वाले फोन नंबरों पर भी बात होना बंद हो गयी। बेसिक फोन से मोबाइल और मोबाइल से बेसिक फोन भी नहीं लगे। क्योंकि प्रेमनगर स्थित लल्ला मार्केट के पास कटी ओएफसी मेन लाइन है इस पर आईएसडी और एसटीडी नेटवर्क संचालित है। शहर के आपस में सभी एक्सचेंज और मोबाइल टावर लाइनें भी इससे जुड़ी हैं। देर रात तक लाइन फाल्ट दुरुस्त करने की कवायद जारी थी।
प्रशासन और सेना प्रभावित
प्रशासन, बैंक, पुलिस, सेना, रेलवे और एयरफोर्स आदि नेटवर्क बीएसएनएल लाइनों पर संचालित है। पूरे दिन बीएसएनएल मोबाइल फोन मिलना मुश्किल हो गया। बैंक और कार्यालयों में रामनवमी होने से अवकाश था, ज्यादातर बैंकों में लीज लाइन नेटवर्क बीएसएनएल पर है।
फाल्ट मिला, क्लेम मांगेगे
शुक्रवार देर शाम प्रेमनगर स्थित कटी ओएफसी लाइन फाल्ट मिल गया। जीएम बीएसएनएल आरएस यादव ने बताया कि बिजली कार्य कर रही केइआई कंपनी ने केबल काटी है। इससे पूरा बीएसएनएल नेटवर्क प्रभावित हो गया। रात में स्थिति सामान्य करायी जाएगी। उपमहाप्रबंधक अतुल मिश्रा ने बताया कि केइआई कंपनी ने कई बार लाइनें काटी हैं, इससे हजारों लोग परेशान रहते हैं और भारी राजस्व क्षति हुई है, इसलिए विभाग क्षति वसूली करेगा। इससे पहले भी केइआई प्रबंधन क्षतिपूर्ति भुगतान कर चुका है। उधर, प्रोजेक्ट मैनेजर टीपी कुशवाहा ने कहा है कि बीएसएनएल लाइन वोडाफोन कंपनी ठेकेदार ने काटी है।
बिजली- पानी भी ठप
बिजली विभाग हर दिन केइआई कंपनी द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना के मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। एक दो उपकेंद्र प्रभारी पूर्व ज्यादा जरूर देते हैं, लेकिन शाहदाना एसडीओ इसकी जानकारी कभी नहीं देते हैं, इससे सुबह से देर शाम तक बिजली गुल रहती है। इसके साथ ही पानी सप्लाई भी प्रभावित हो जाती है। शुक्रवार में भी प्रेमनगर, बिहारीपुर, राजेंद्र्रनगर, बृजलोक कालोनी, पुराना शहर, राम वाटिका, सिंधुनगर, किला आदि इलाकों में सप्लाई गुल रही।
केईआई के कारनामे
पिछले वर्ष से केईआई कंपनी ने शहर में स्काडा योजना के तहत सुधार कार्य शुरू कराया है। कंपनी ने जगह जगह ठेकेदार तैनात किए हैं, जो मनमर्जी से काम कराते हैं। नगर निगम ने पिछले दिनों बारादरी थाना में रिपोर्ट दर्ज करायी थी। जगतपुर में सवा माह पहले पानी लाइन क्षतिग्रस्त कर दीं नगर निगम आज तक पानी सप्लाई सामान्य नहीं करा पाया है। पीलीभीत बाईपास, सीबी गंज, अक्षर विहार, कोहाड़ापीर, डेलापीर, सिविल लाइंस आदि स्थानों पर बीएसएनएल लाइनें काटी जा चुकी हैं। शुक्रवार में कटी लाइन से अब तक का सबसे बड़ा संकट बताया गया है।