भुता (बरेली)। गांव खरदाह निवासी पुष्पेंद्र उर्फ पुष्पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह अंकुर गंगवार को फेसबुक मैसेंजर पर जान से मरने की धमकी दी गई। गवाह ने सबूत समेत शिकायत की तो आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने वादी और गवाह की सुरक्षा बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि सुप्रीम कोर्ट से जमानत अर्जी खारिज होने के बाद पुष्पेंद्र के हत्यारोपी बौखलाए हुए हैं। उन्हीं की शह पर गवाह को धमकी दी गई है।
अंकुर गंगवार ने रिपोर्ट में बताया कि वर्ष 2024 में भुता के पास हुए पुष्पेंद्र हत्याकांड के वह मुख्य गवाह हैं। उन्हें पीलीभीत जिले के बीसलपुर क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर भजा निवासी सोनू गंगवार ने एक अक्तूबर की रात फेसबुक पर मेसेज करके धमकाया। उसने कहा कि पुष्पेंद्र हत्याकांड की गवाही के लिए आने वाली मुकदमे की तारीख पर उसे कोर्ट में ही गोली मार दी जाएगी। सोनू ने यह भी बताया कि दीवान बहादुर तुम्हारी हत्या की साजिश रच रहा है।
अंकुर ने बताया कि पहले भी इस हत्याकांड के आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। पिछले दिनों प्रशासन ने वादी संगीता को सुरक्षा मुहैया कराई थी। इसके बाद भी लगातार जेल में बंद आरोपियों की शह पर हत्याकांड के मुख्य गवाह को जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
पुष्पेंद्र के परिजनों का कहना है कि इस मुकदमे के आरोपियों में पूरनलाल सहित सभी की जमानत अर्जी सुप्रीम कोर्ट से भी खारिज हो चुकी है। सजा के डर से जेल में बंद आरोपी अपने गुर्गों की मदद से गवाहों को धमका रहे हैं। हालांकि, पुलिस की ओर से आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। प्रशासन इनकी अवैध संपत्तियों को चिह्नित कर जब्त करने की कार्रवाई कर रहा है। अंकुर गंगवार व उसके परिजन काफी सहमे हुए हैं।
अंकुर को भी दी सुरक्षा, सोनू से होगी पूछताछ
सीओ संदीप सिंह ने बताया कि भुता थाना पुलिस सोनू की तलाश कर रही है। उससे यह पूछताछ करनी है कि उसे हत्या की साजिश की जानकारी कहां से मिली। मेसेज फेसबुक आईडी से आया है तो किसी के आईडी के दुरुपयोग की आशंका भी है। इस लिए आईडी व यूआरएल फेसबुक मुख्यालय को जांच के लिए भेजा गया है।
वर्जन
अंकुर की तहरीर पर मामला पंजीकृत किया गया है। शीघ्र सही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। अंकुर को भी सुरक्षा दे दी गई है। वादी संगीता को पहले से गनर व स्थानीय पुलिस की सुरक्षा मिली हुई है। - अंशिका वर्मा, एसपी दक्षिणी