बरेली के बहेड़ी में स्थित केसर चीनी मिल की दोबारा होने जा रही नीलामी में बेहतर कीमत हासिल करने के लिए प्रशासन अब जिले से बाहर तक व्यापक प्रचार कराएगा। मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में बहेड़ी तहसील के गन्ना किसानों के साथ हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। प्रशासन पंपलेट बांटने के साथ समाचार पत्रों और अन्य माध्यमों से नीलामी का प्रचार कराएगा। जिले के प्रमुख प्रवेश द्वारों पर होर्डिंग भी लगाए जाएंगे।
बैठक में किसानों ने कहा कि मिल की नीलामी होने और गन्ने का बकाया भुगतान मिलने तक उनके सामने आर्थिक संकट है। उन्होंने बच्चों की स्कूल फीस और बैंक ऋण की किस्त माफ कराने का अनुरोध किया। किसानों ने यह भी मांग रखी कि बहेड़ी शुगर मिल क्षेत्र का गन्ना किन-किन चीनी मिलों को भेजा जाएगा, इसकी कार्ययोजना पहले से तैयार की जाए, ताकि पेराई सत्र में किसानों को परेशानी न हो।
डीएम ने किसानों से भी केसर चीनी मिल की नीलामी का अधिक से अधिक प्रचार करने की अपील की, ताकि ज्यादा इच्छुक खरीदार प्रक्रिया में शामिल हों और मिल की बेहतर कीमत मिल सके। उन्होंने मिल परिसर के आसपास साफ-सफाई और पेड़ों की छंटाई कराने के निर्देश दिए, जिससे संभावित खरीदार परिसर और भूमि की उपयोगिता को आसानी से देख सकें।